बरेली: मच्छरों की रोकथाम के लिए जिले में आज से चलेगा अभियान, बुखार के मरीजों की होगी मलेरिया जांच
बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी के बीच मलेरिया तेजी से पांव पसार रहा है। जिले में मलेरिया के नये मामलों की संख्या 174 पहुंच गई है। मच्छरों की रोकथाम के लिए मलेरिया विभाग शनिवार से 30 जून तक जिले में अभियान चलाएगा। इस दौरान मच्छरों को नष्ट किया जाएगा। साथ ही बुखार के मरीजों की मलेरिया जांच होगी। इसके लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।
मलेरिया के मामलों में मीरगंज, शेरगढ़, फतेहगंज पश्चमी समेत पांच ब्लॉक संवेदनशील हैं, इन ब्लॉकों के गांव में अधिक से अधिक मरीजों की जांच हो सके, इसके लिए तीन मेडिकल मोबाइल यूनिट शनिवार से गांव-गांव भ्रमण कर मरीजों की स्क्रीनिंग करेगी। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक जून से मलेरिया रोधी अभियान शुरू किया जाए, जिसमें एमएमयू को भी स्क्रीनिंग के लिए लगाया गया है। संवेदनशील गांव में फागिंग और एंटी लार्वा स्प्रे कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें- इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज बरेली में मनाया गया विश्व तंबाकू निषेध दिवस, लोगों को किया जागरूक
