गोंडा: केबिल ब्लास्ट से फिर गुल हुई मेहनौन उपकेंद्र की बिजली, अंधेरे में 50 हजार की आबादी
धानेपुर /गोंडा, अमृत विचार। धानेपुर सब स्टेशन से मेहनौन उपकेंद्र को जाने वाली बिजली लाइन की अंडरग्राउंड केबिल बृहस्पतिवार की रात एक बार फिर से दग गयी। केबिल दगने से सैकड़ों गांवों में अंधेरा छा गया। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार केबिल ब्लास्ट हुआ है। बिजली कटने से करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। लगातार हो रही बिजली कटौती के बीच होने वाले केबिल ब्लास्टसे उपभोक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश है। वहीं बिजली कर्मी केबिल दुरुस्त करने में जुटे हैं। एसडीओ का कहना है कि अंडरग्राउंड केबिल के फाल्ट का पता लगाने के लिए बाहर से मशीन मंगाई गयी है। शनिवार सुबह तक लाइन ठीक होने की उम्मीद है।
धानेपुर से मेहनौन बिजली उपकेंद्र को जाने वाला 33 हजार केवीए अंडर ग्राउंड केबिल गुरुवार को पूर्वाह्न में एक बार फिर से दग जाने से मेहनौन इलाके के लोग अंधेरे में है। विद्युत उपकेंद्र धानेपुर से होकर कस्बा धानेपुर में होते हुए 33 हजार केवीए की लाइन मेहनौन उपकेंद्र को जाती है। अनहोनी से बचने के लिए धानेपुर बाजार में अंडरग्राउंड केबिल डाली गयी थी लेकिन यही केबिल अब उपभोक्ताओं की परेशानी का सबब बन गई है। भीषण गर्मी के चलते केबिल में लगातार ब्लास्ट हो रहा है।
उपभोक्ता अमित तिवारी, सुशील मिश्र, नरसिंह चौहान व सुशील सिंह ने कहा कि 48 घंटे बीत चुके हैं लेकिन बिजली नही मिली। भीषण गर्मी में बच्चों से लेकर सभी लोग परेशान है। बिजली न मिलने से मोबाइल, इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गया हैं। पानी का भी संकट है। हालांकि बिजली कर्मचारी केबिल के फॉल्ट को तलाशने में जुटे हैं। उपखंड अधिकारी पीयूष सिंह ने बताया कि लखनऊ से मशीन मंगाई गई है। देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।

ट्रांसफॉर्मर जलने से सतनामीपुरवा में अंधेरा
धानेपुर पावर हाउस के क्षेत्र ग्राम पंचायत पूरे हाड़ा के मजरा सतनामी पुरवा में रखे दो ट्रांसफॉर्मर गत 27 मई को जल जाने से गांव के 700 की आबादी पिछले चार दिनों से अंधेरे में है।उपभोक्ताओ ने बिजली विभाग के अधिकारी को शिकायत करने के बावजूद भी इस भीषण गर्मी में ट्रांसफॉर्मर न बदले जाने से गर्मी में ग्रामीण परेशान है। उपखंड अधिकारी पीयूष सिंह ने कहा कि सतनामी पुरवा के ट्रांसफॉर्मर को बदलने के लिए जेई को कहा गया है। शाम तक ट्रांसफॉर्मर बदल दिया जायेगा।
ये भी पढ़ें -गोंडा: अवमानना में फंसे जिला विद्यालय निरीक्षक, हाईकोर्ट ने लगाया 50 हजार का जुर्माना
