बरेली: मतगणना के लिए प्रत्याशियों की तैयारी पूरी, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगेंगे 15 एजेंट
चार जून को होने वाली मतगणना के लिए सभी दलों के प्रत्याशियों ने अपने एजेंटों के जारी कराए पास
बरेली, अमृत विचार। जिस घड़ी का इंतजार था, आखिरकार अब वह करीब आ चुकी है। दो दिन बाद होने वाली मतगणना को लेकर पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के साथ ही राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने एजेंटों के पास जारी करा लिए हैं। अब बस, इंतजार चार जून का हो रहा है।
तीसरे चरण के तहत सात मई को बरेली और आंवला संसदीय सीट के लिए चुनाव हुआ था। दोनों सीटों पर 22 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद है। दोनों सीटों पर सीधा मुकाबला भाजपा-सपा के बीच ही बताया जा रहा है। यह बात दीगर है कि आंवला में बसपा के प्रत्याशी ने चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की। चुनाव के बाद से प्रत्याशियों से लेकर हर किसी को चार जून को होने वाली मतगणना का इंतजार है। दो दिन बाद मतगणना होगी।
बरेली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार के भतीजे दुष्यंत कुमार गंगवार के मुताबिक मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी हो गई है। सभी एजेंटों के पास बनवा लिए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15 एजेंट लगाए जाएंगे। कुल 75 एजेंट बने हैं। 9 एजेंट बैलेट पेपर, एक स्कैनर और एक आरओ टेबिल के लिए भी बनाया गया है।
आंवला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के मीडिया प्रभारी राहुल के मुताबिक फार्म 18 भरकर प्रशासन को उपलब्ध कराया गया था। उस आधार पर एजेंटों के पास प्रशासन की ओर से जारी कर दिए गए हैं। सभी का पुलिस सत्यापन हो चुका है। चार जून की सुबह छह बजे हम लोगों को मतगणना स्थल पर पहुंचना है।
ये भी पढ़ें- बरेली: पशु चिकित्सा जैविकों के गुणवत्ता नियंत्रण को नोडल एजेंसी की तरह काम कर रहा IVRI
