हल्द्वानी: फल पकाने के प्रतिबंधित पदार्थ की हुई जांच, लिए चार नमूने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। केमिकल रंगों की मिलावट व फल पकाने के प्रतिबंधित पदार्थ की जांच को लेकर खाद्य संरक्षा व औषधि विभाग की टीम ने नवीन व मंगल पड़ाव मंडियों में कई प्रतिष्ठानों व ठेले पर फल बेचने वालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो प्रतिष्ठानों व दो ठेलों से अलग-अलग फलों के नमूने लिए गए। 

खाद्य संरक्षा व औषधि विभाग के कुमाऊं मंडल के उपायुक्त अनोज कुमार थपलियाल व अभिहित अधिकारी, नैनीताल संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने शनिवार को नवीन मंडी में फल आढ़ती प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। मै. सुंदर लाल मौर्य एंड संस नाम के प्रतिष्ठान में तरबूज में केमिकल रंगों के मिलावट की जांच मौके पर की गई। जांच में टीम को किसी भी तरबूज में केमिकल रंगों की पुष्टि नहीं हुई। 

इसके बाद मै. कन्हैया लाल इंदर लाल नाम के प्रतिष्ठान में फलों को पकाने में प्रयुक्त होने वाले प्रतिबंधित पदार्थ एसिटिलीन गैस की जांच की गई लेकिन यहां यह पदार्थ नहीं मिला। हालांकि, उक्त प्रतिष्ठान से जांच के लिए आम का नमूना लिया गया। इसके अलावा केले को पकाने में प्रयुक्त होने वाले पदार्थ की जांच के लिए केलों के थोक विक्रेता प्रतिष्ठान से केले का नमूना लिया गया। टीम ने मंगल पड़ाव स्थित फल प्रतिष्ठानों व ठेलों की भी जांच की और यहां से आम व केले के दो नमूने लिए गए।

मनोज कुमार थपलियाल ने बताया कि नवीन व मंगल पड़ाव मंडियों में फलों के प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया। दोनों मंडियों से कुल चार नमूने लिए गए हैं। टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी अभय कुमार सिंह व खाद्य सुरक्षा अधिकारी, लालकुंआ कैलाश चंद्र टम्टा मौजूद रहे।

संबंधित समाचार