बाराबंकी : भीषण गर्मी के बीच बिजली की ट्रिपिंग से लोग हुए बेहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सूरज के निकलते ही बढ़ने लगा तापमान, दस बजते ही सडकों पर दिखने लगता है सन्नाटा

बाराबंकी, अमृत विचार। सूर्य देव के निकलते ही तेजी से तापमान बढ़ने लगता है। सुबह के दस बजने  के बाद सड़कों पर सन्नाटा आसानी से दिखाई पड़ने लगा। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री  सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जरूरी कामों को छोड़कर लोग  अपने घरों में गर्मी से बचाव के लिए एसी और कूलर में दुबके रहे। बच्चे बूढ़े महिलाएं और नौजवान सब भीषण गर्मी से परेशान दिखे।  बिजली की बार-बार ट्रिपिंग से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर से लेकर गांव तक कुछ हिस्सों में हर आधे घंटे के बाद ट्रिपिंग होने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त रहा।

इस बीच लोगों ने हाथ के पंखे का इस्तेमाल किया। बहुत से ऐसे लोग भी दिखे जो पक्के घरों से निकलकर पेड़ की छांव में बिजली न होने पर अपना वक्त बिताते रहे। भीषण गर्मी और लू की वजह से चार मौतें पहले ही हो चुकी है। शनिवार को भी हीट वेव की वजह से हैदरगढ़ में एक की मौत हुई है। अब तक भीषण गर्मी की वजह से मौतों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। सुबह दस  बजे के बाद बाजारों में सन्नाटा देखा गया। गांव हो या शहर जरूरी कामों को छोड़कर लोग घर से नहीं निकल रहे हैं। जरूरी कामों से निकले हुए लोग छाते या गमछे का इस्तेमाल कर रहे हैं ,तो महिलाएं दुपट्टे से अपने सिर और मुंह को पूरी तरह से ढक कर निकल रही है।

सड़क ,बाजार और चौराहों पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दिया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया हर एक घंटे पारा चढ़ता ही रहा। दिन में करीब चार बजे के बाद से  मौसम में नरमी देखी गई। दिन में तो तो हवा पूरी तरह से थम गई थी, लेकिन शाम होते-होते हवाओं के चलने से लोगों ने राहत की सांस ली। शाम को मौसम रोज की अपेक्षा थोड़ा खुशनुमा दिखा लोग पार्कों और अपने घरों से निकालकर हॉट बाजार और सड़कों पर दिखाई देने लगे ।

यात्री प्रतीक्षालय में बैठी महिला की हीटवेव से मौत

लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे पर स्थित विद्युत उप केंद्र के निकट यात्री प्रतीक्षालय में बैठी एक महिला अचानक बेहोश हो गई। शनिवार दोपहर बाद घटित घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने महिला को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां पर महिला को मृत घोषित कर दिया गया। हीटवेव के चलते लू लगने से महिला की मौत की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार  दोपहर बाद लगभग साढ़े 3 बजे 55 वर्षीय महिला विद्युत उपकेंद्र के निकट नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा बनवाए गए यात्री प्रतीक्षालय में बैठी हुई थीं।

अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। जिसकी सूचना राहगीरों द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने 108 एंबुलेंस के सहारे महिला को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया जहां पर डॉक्टर द्वारा महिला को मृत घोषित कर दिया गया। महिला की पहचान के लिए पुलिस द्वारा  हर संभव कोशिश की जा रही है परंतु समाचार भेजे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

यह भी पढ़ें: Live Lok Sabha Elections 2024: यूपी में भीषण गर्मी के बीच मतदान जारी, वाराणसी से कांग्रेस उम्मीदवार का दावा- गुलशन अली को किया गया नजरबंद

संबंधित समाचार