पीलीभीत: कम्युनिकेशन रूम में जाकर प्रत्याशी-एजेंट मोबाइल से कर सकेंगे बात, पहली बार होगी ऐसी व्यवस्था
पीलीभीत, अमृत विचार: मतगणना परिसर में मोबाइल फोन जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा, मगर इस बार प्रत्याशी, एजेंट एवं कार्मिक को जरुरत पड़ने पर पब्लिक कम्युनिकेशन सेंटर में जाकर मोबाइल फोन से बात करने की सुविधा मिल सकेगी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पहली बार ऐसी व्यवस्था की जा रही है।
लोकसभा चुनाव की मतगणना को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन सभी तैयारियों के बीच इसमें शामिल होने वाले प्रत्याशियों, एजेंट और कार्मिकों की सुविधाओं का भी खासा ख्याल रखा जा रहा है।
अमूमन चुनावों की मतगणना के दौरान प्रत्याशियों, एजेंटों समेत कार्मिकों आदि को मतगणना अवधि के दौरान मोबाइल फोन से बात करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहता है, मगर इस बार इन सभी को मतगणना अवधि के दौरान भी मोबाइल फोन से बात करने की सुविधा मिल सकेगी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतगणना स्थल पर पब्लिक कम्युनिकेशन सेंटर स्थापित किया जा रहा है।
कुछ यूं रहेगी मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर मंडी समिति के गेट नंबर-दो पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जमा किए जाएंगें। वहीं उपनिबंधक शाकिब द्वारा मंडी कार्यालय के पास के बैरियर पर मतगणना कार्मिकों एवं मतगणना एजेंटों के मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जमा कराए जाएंगे।
मोबाइल फोन समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक गेजेट्स पब्लिक कम्युनिकेशन सेंटर में रखवा दिए जाएंगें। मतगणना अवधि के दौरान प्रत्याशी, एजेंट एवं कार्मिक इसी पब्लिक कम्युनिकेशन सेंटर में जाकर अपना मोबाइल फोन इस्तेमाल कर सकते हैं। पब्लिक कम्युनिकेशन सेंटर की जिम्मेदारी एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी शशांक त्रिपाठी को दी गई है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: नहर में मिला बाघ का सड़ा गला शव, डीएफओ ने पहुंचकर की पड़ताल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
