बरेली: बसों का संचालन कम होने पर एआरएम समेत 22 कर्मचारियों का वेतन रोका
आरएम ने वर्कशाप का किया निरीक्षण, मिलीं कमियां
बरेली, अमृत विचार। बसों का संचालन कम होने पर आरएम ने तीन डिपो के एआरम समेत रीजन के 22 कर्मचारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया है। आरएम ने शनिवार सुबह वर्कशाप का निरीक्षण करने के बाद यह कार्रवाई की। निरीक्षण में कई कमियां भी मिलीं। इस संबंध में डिपो के एआरएम को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
परिवहन निगम के बरेली रीजन के रुहेलखंड और बदायूं डिपो के वर्कशाप का निरीक्षण करने के लिए शनिवार को आरएम दीपक चौधरी पहुंचे। रीजन के चारों डिपो की बसों का संचालन 400 किलोमीटर से प्रतिदिन कम मिलने पर आरएम का पारा चढ़ गया।
उन्होंने बरेली, रुहेलखंड और पीलीभीत डिपो के एआरएम और 22 कर्मचारियों का मई का वेतन रोकने का आदेश दिया। उन्होंने बरेली डिपो में पांच, रुहेलखंड डिपो में छह, पीलीभीत डिपो में तीन, बदायूं डिपो में पांच कर्मचारी, बरेली, रुहेलखंड और पीलीभीत डिपो के एआरएम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
निरीक्षण में वर्कशाप में गंदगी मिलने पर सुधार की हिदायत दी। 400 किलोमीटर प्रतिदिन की तुलना में बरेली डिपो में 324 और रुहेलखंड डिपो में 315 किलोमीटर बसों का संचालन हो रहा है। आरएम ने बताया कि बसों का संचालन कम पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।
ये भी पढे़ं- बरेली: ट्रेन के शौचालय में नशेड़ी ने खुद को किया बंद, हंगामा...RPF ने आरोपी के खिलाफ की कार्रवाई
