Bareilly News: अब शाहदाना सब स्टेशन ओवरलोड, दिन में पांच घंटे बिजली कटौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर के बाद शाहदाना सब स्टेशन ओवरलोड होने से क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। ओवरलोडिंग दूर करने के लिए विभाग ने भूमिगत केबल डालने को सड़क की खोदाई करनी चाही तो पार्षद के पति ने रोक दिया। भीषण गर्मी के बीच इलाके में दिन में पांच घंटे बिजली की कटौती की गई। वहीं कुतुबखाना उपकेंद्र से जुड़े इलाक में ट्रांसफार्मर में खराबी से तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।

शाहदाना उपकेंद्र में ओवरलोड के कारण शुक्रवार रात तीन घंटे और शनिवार सुबह से लेकर दोपहर 3 बजे तक बिजली कटौती की गई। शुक्रवार रात बिजली कर्मचारी ओवरलोडिंग दूर करने के लिए भूमिगत केबल डालने पहुंचे। इसपर वार्ड पार्षद के पति ने कर्मचारियों को नई सड़क खोदने से रोक दिया।फिलहाल, विभाग ने काम रोक दिया। विभागीय अफसरों के अनुसार रजा चौक से मालियों की पुलिया तक भूमिगत केबल डालकर ओवरलोडिंग को दूर किया जा सकता है। केबल डाले जाने पर सिविल लाइंस तृतीय से लोड जुड़ जाएगा।

जो भी काम हो रहा है, वह अनुमति लेकर कराया जा रहा है। केबल डालने के लिए सड़क की खोदाई को लेकर निगम के अधिकारियों से बात हो गई है।-अनुज गुप्ता, अधिशासी अभियंता तृतीय

नगर निगम के निर्माण विभाग के जेई का फोन आया था कि सड़क को बिना परमिशन के खोदने नहीं दिया जाए। शनिवार को नगर निगम और बिजली के जेई के बीच वार्ता हुई। उसके बाद आगे काम दोनों की मर्जी से होगा। सड़क बिजली विभाग ठीक कराकर देगा।-मो. लईक खान, वार्ड 78 नंबर, पार्षद पति

कुतुबखाना सब स्टेशन पर ट्रांसफार्मर में खराबी से तीन घंटे गुल रही बिजली
शहर के कुतुबखाना सबस्टेशन पर शनिवार दोपहर करीब एक बजे ट्रांसफार्मर में खराबी से आपूर्ति बाधित हो गई। जिससे पुराना बस अड्डा, आजमनगर, कोतवाली, चौपुला, कुतुबखाना रोड आदि इलाकों में तीन घंटे बिजली गुल रही। वहीं, किला और बाकरगंज क्षेत्र में भी लोकल फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। कटघर और जसोली मोहल्ले में दिनभर कम वोल्टेज की समस्या बनी रही। 

शुक्रवार रात एक से 3 बजे तक हार्टम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जगतपुर उपकेंद्र के सेटेलाइट, पीलीभीत बाईपास, पशुपति विहार कॉलोनी, आजादनगर क्षेत्र में ट्रिपिंग की समस्या रही। महानगर और हरूनगला से जुड़े इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। गर्मी से बेहाल लोग परेशान होते रहे।

ये भी पढे़ं- बरेली: शिक्षक संगठनों के विरोध के बीच समर कैंप का आदेश रद्द, पांच जून से होने थे शुरू

 

 

संबंधित समाचार