बाराबंकी: वोटर हेल्पलाइन एप पर घर बैठे जानिए मतगणना हाल, किस चक्र में कौन आगे-कौन पीछे
गूगल प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड करना होगा वोटर हेल्पलाइन एप, मतगणना को लेकर आयोग की ईसीआई वेबसाइट पर भी मिलेगी जानकारी
बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में चार जून को होने वाली मतगणना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ऊपर से भीषण गर्मी भी मंडी स्थल तक पहुंचने में बाधा रहेगी। ऐसे में राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोग अपने मोबाइल एप के जरिए भी मतगणना की जानकारी कर सकते हैं। किस चक्र में कौन आगे चल रहा है कौन पीछे।
इसकी जानकारी आसानी से मिल जाएगी। यही नहीं निर्वाचन आयोग के इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया यानी https://www.eci.gov.in पर भी जाकर वेबसाइड के जरिए भी मतगणना की पल-पल की जानकारी मिलेगी। मतगणना स्थल पर पल-पल की जानकारी हेल्पलाइन एप पर अपडेट की जाएगी।
मतदान के बाद से मतदाताओं में प्रत्याशियों को प्राप्त होने वाले मत की जानकारी करने के लिए बेसब्री से इंतजार रहता है। पल-पल की अपडेट लेने के लिए वह मतगणना स्थल के बाहर डटे रहते हैं। कुछ लोग फोन पर एक दूसरे से जानकारी करते हैं। इसके बाद भी पूरी जानकारी लोगों तक नहीं पहुंच पाती है। लेकिन अब लोगों को मतगणना स्थल तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और न ही किसी को फोन कर अपडेट जानने की विवशता होगी।
निर्वाचन आयोग ने वोटर हेल्पलाइन एप जारी किया है। एप को डाउनलोड करने के लिए मतदाताओं को गूगल प्ले स्टोर पर जाना होगा। सर्च विकल्प पर जाकर वोटर हेल्पलाइन एप टाइप करना होगा। इसके बाद एप को डाउनलोड किया जा सकता है। एप को डाउनलोड करने के दौरान नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के साथ जिले का नाम अंकित करना होगा। उसके बाद एप डाउनलोड हो जाएगा। आगामी चार जून को नवीन मंडी में मतों की गणना होगी।
चुनाव परिणाम जानने को हर कोई उत्सुक रहेगा। हालांकि सुरक्षा के साथ भीषण गर्मी के चलते लोगों को मतगणना स्थल के बाहर एकत्र होने की जरुरत नहीं है। इसके लिए वोटर हेल्पलाइन एप बनाया गया है। मतदाता अपने जिले के साथ ही किसी भी लोकसभा सीट का राउंडवार परिणाम एप के माध्यम से जान सकेंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील पांडेय ने बताया कि वोटर हेल्पलाइन एप पर मतगणना से जुड़ी सभी जानकारी चार जून को उपलब्ध कराई जाएगी।
मतगणना के दौरान कार्मिकों को होगी किस टेबल पर लगी है ड्यूटी
चार जून को नवीनमंडी परिसर में होने वाली मतगणना में तैनात कर्मचारियों को उसी दनि सुबह जानकारी होगी कि उनकी ड्यूटी किस टेबल पर लगी है। मतगणना कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण तीन जून को होगा। 454 कामिकों की ड्यूटी मतगणना में लगी है। दूसरे व अंतिम चरण में उन्हें प्रशिक्षण में यह जानकारी मिल जाएगी कि उनकी ड्यूटी किस विधानसभा में लगी हुई है।मगर किस टेबल पर उन्हें गणना करना है, इसकी जानकारी चार जून को सुबह सात बजे होगी। सबसे पहले बैलेट पेपर की गणना सुबह आठ बजे की जाएगी। इसके बाद करीब नौ बजे ईवीएम की गणना शुरु होगी। उम्मीद है कि 11 बजे तक पहले चक्र की गणना पूरी होगी।
यह भी पढ़ें:-2 June Special: दो जून की रोटी के लिये जद्दोजहद, तपती दोपहरी में शहर की सड़कों पर कुछ ऐसा दिखा लोगों का संघर्ष
