लखीमपुर-खीरी: सेठ घाट में नहाने गए दो बच्चों की डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर के किनारे उल्ल नदी के सेठ घाट पर नहा रहे हम उम्र के दो किशोर गहरे पानी में चले गए, जिससे दोनों की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
शहर के मोहल्ला निर्मलनगर निवासी प्रिंस (14) पुत्र संतोष व शेखर पुत्र राजेश गौतम (15) दोनों आपस में गहरे दोस्त थे। रविवार की सुबह करीब 11 बजे दोनों शहर के निकट बह रही उल्ल नदी के सेठ घाट पर नहाने गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में डूब गए। काफी देर तक बच्चे जब दिखाई नहीं पड़े तो लोग मौके पर पहुंचे। बच्चों के कपड़े नदी किनारे देख उनमें हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर उतार कर नदी ने बच्चों की तलाश कराई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद हो गए। सूचना पाकर बच्चों के परिवार में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: रोटरी क्लब के कार्यक्रम में 160 कृत्रिम हाथ वितरित
