जौनपुर में जमीनी विवाद को लेकर चली गोली, एक गंभीर रूप से घायल
जौनपुर, अमृत विचार। जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पताहना चौराहे पर रविवार को जमीन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव के अशोक सिंह और दीपक विश्वकर्मा के बीच सरकारी जमीन को लेकर एक साल से विवाद कोर्ट में लंबित है, इधर बीच अशोक उसी भूमि पर दीपक को धमकी देकर जबरन निर्माण करवा रहा था, जिसको लेकर कल शनिवार को भी विवाद हुआ था तो उस दौरान ग्रामीणों के विरोध पर अशोक अपने गुर्गे को लेकर भाग गया था।
आज सुबह एक बार फिर अशोक अपने भाई सोनू सिंह और कुछ लोगो को लेकर वहां पहुंचा तो दीपक (24) पुत्र राजेंद्र विश्वकर्मा बढ़ई का काम कर रहा था, अशोक ने उससे विवाद किया। उसने दीपक पर गोली चला दी, जब तक आस पास के लोग कुछ समझ पाते तब अशोक अपने भाई के साथ फरार हो गया। स्थानीय बाजार के लोगों ने इसकी सूचना परिजनाें को दी और मौके पर परिवार पहुंचकर दीपक को जिला चिकित्सालय ले गए। उधर ग्रामीणों में लगभग 200 से अधिक महिला और पुरुष ने घर से करीब 5 किलोमीटर दूर सिद्दीकपुर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अशोक कल ही धमकी देकर गया था,जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी लेकिन पुलिस ने सही समय पर ध्यान नहीं दिया जिससे यह बड़ा हादसा हुआ, फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गयी है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घायल दीपक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा गया है, साथ ही पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कारर्वाई की जा रही है और मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें -बलरामपुर: तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को रौंदा, ऑन स्पॉट हुई मौत-चालक फरार
