कासगंज: चार दिन बाद बदला गया फूंका हुआ ट्रांसफार्मर, क्षेत्रीय लोगों ने ली राहत की सांस

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

अस्थाई ट्रांसफार्मर से हो रही थी आपूर्ति, लेकिन बरकरार थी समस्या

कासगंज, अमृत विचार। शहर के सोरों गेट क्षेत्र में फूंका विद्युत ट्रांसफार्मर लोगों को समस्या का मुख्य कारण बन गया। चार दिन तक अस्थाई ट्रांसफार्मर से आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन ट्रिपिंग की समस्या से लोग आजीज आ चुके थे। लोगों का आक्रोश देखते हुए आखिरकार विद्युत निगम ने ट्रांसफार्मर बदलवा दिया। अब क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि आपूर्ति व्यवस्थित न हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

सोरों गेट क्षेत्र की आपूर्ति रेलवे फीडर से है, लेकिन यहां फीडर काफी बड़ा होने के कारण अलग अलग विद्युत क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। मुख्य ट्रांसफार्मर सोरों गेट पुलिस चौकी के पास रखा है। यहां चार दिन पहले ट्रांसफार्मर अचानक फूंक गया। जिससे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई और लोगों में आक्रोश बढ़ गया। तमाम लोग बिजली घर पहुंचे तो विद्युत निगम ने अस्थाई व्यवस्था की और ट्रॉली ट्रांसफार्मर रख दिया, लेकिन ट्रॉली ट्रासंफार्मर ओवरलोड रहा और आपूर्ति व्यवस्थित नहीं हो पा रही थी, इसको लेकर लोग आक्रोश जाहिर कर रहे थे। लोगों का गुस्सा देखते हुए विद्युत निगम ने ट्रांसफार्मर बदलवा दिया है। इससे लोगों ने कुछ हद तक राहत महसूस की है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि यदि आपूर्ति समय से न मिली तो फिर सड़कों पर उतरकर आक्रोश जाहिर करेंगे। 

सोरों गेट क्षेत्र का विद्युत ट्रासंफार्मर तकनीकी कमी के कारण खराब हो गया था। वहां अस्थाई व्यवस्था की गई थी, लेकिन अब स्थाई ट्रासंफार्मर रखवा दिया गया है। आपूर्ति पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से दी जाएगी - एके सविता, अधीक्षण अभियंता विद्युत।

ये भी पढे़ं-  कासगंज: रिक्शा लेकर पोलैंड से देशभर की यात्रा करने निकाला यात्री, कही ये बात

संबंधित समाचार