बदायूं: महिला ने दिया दो बच्चों को जन्म, दोनों की हुई मौत...प्रसूता ने लगाया लापरवाही का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

जिला महिला अस्पताल में भर्ती महिला ने पुत्र और पुत्री को दिया था जन्म।

बदायूं, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में एक महिला ने आज सुबह दो बच्चों को जन्म दिया। प्रसव के बाद दोनों शिशुओं की मौत हो गयी। शिशुओं की मौत के बाद परिवारजनों ने हंगामा कर दिया। प्रसूता ने कहा कि स्टाफ नर्स को मुंह मांगा पैसा नहीं मिलने पर लापरवाही बरती गयी। जिससे दोनों शिशुओं की मौत हो गयी।

ब्लॉक दातागंज के ग्राम सपरेरा निवासी सुरजीत ने अपनी गर्भवती पत्नी काजल को रविवार सुबह साढ़े छह बजे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर पांच मिनट बाद ही काजल को प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो स्टाफ नर्स उसे लेबर रूम में लेकर गयी। वहां पर काजल को सामान्य प्रसव हुआ। काजल ने एक पुत्र और एक पुत्री को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा बच्चा दोनों ठीक थे। लेकिन कुछ देर बाद ही दोनों शिशुओं की मौत हो गयी।

नवजातों की मौत की खबर जब काजल को दी गयी तो वह चीखने चिल्लाने लगी। इसी बीच उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। काजल का आरोप था कि अंदर स्टाफ नर्स ने उससे कुछ रूपयों की मांग की, रुपए नहीं मिलने पर उसके शिशुओं की देखभाल नहीं की गयी, जिससे दोनों शिशुओं की मौत हो गयी।

शिशुओं की मौत के बाद प्रसूता ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों को बताया कि प्रसव के  बाद दोनो शिशु ठीक थे। उसने दोनों नवजातों को देखा। कुछ देर बाद ही दोनो की मौत होने की बात उसके गले नहीं उतर रही है। ऐसा कैसे हो सकता है। प्रसूता ने बताया कि स्टाफ नर्स ने जिस तरह व्यवहार किया उससे लगता था कि यह कुछ भी कर सकती है। परिजनों ने इस मामले की शिकायत करने की बात कही है।

जिला महिला अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया कि काजल ने छह महीने के शिशुओं को जन्म दिया, जिससे दोनों शिशुओं का वजन भी मात्र छह सौ छह सौ ग्राम था इसलिये उनकी मौत हो गयी। शिशुओं की मौत सामान्य है। समय से पूर्व प्रसव होने पर शिशुओं की मौत हो जाती है।

दो दिन पहले भी दो शिशुओं की मौत हुई थी, दो महिलाओं के शिशुओं की मौत के बाद भी हंगामा हुआ था। प्रसव कराने वाले स्टाफ पर अवैध वसूली का आरोप लगाया था। प्रसूताओं के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की मनमानी पर हंगामा करते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की थी। जिला महिला अस्पताल में इस तरह अक्सर हंगामा होता रहता है।

पीएनसी और सर्जिकल वार्ड के एसी नहीं हुए ठीक
जिला अस्पताल में पीएनसी वार्ड में लगे दोनों एसी खराब हैं, सर्जिकल वार्ड मे भी दोनों एसी खराब होने से बंद पड़े हैं। जिससे यहां पर भर्ती प्रसूताओं को उमस और गर्मी से परेशानी होती है। यहां पर केवल पंखे चलते हैं। एसी खराब होने की शिकायत कई दिन पूर्व सीएमएस से की गयी। फिर भी एसी ठीक नहीं कराए गए हैं। पीएनसी वार्ड में भी गर्मी और उमस रहती है। इसके साथ ही अल्ट्रासाउंड कक्ष में लगा एसी भी कई दिनों से खराब है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: गंगा में लापता हुए युवक का शव बरामद, दादा के अंतिम संस्कार के बाद गंगा स्नान कर रहा था युवक

संबंधित समाचार