Kanpur: आईआईटी देगा जीआईसी के शिक्षकों को प्रशिक्षण, सिखाए जाएंगे शिक्षण कार्य संबंधी नवीन तरीके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। जिले के 5 शिक्षकों को आईआईटी गांधी नगर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को पढ़ाई के नए तरीके सिखाए जाएंगे। पांच दिन के इस प्रशिक्षण में तीन जीआईसी को शामिल किया गया है। यह वे स्कूल है, जिन्होंने इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया है। इस तरह के प्रशिक्षण में जिले के सरकारी स्कूल के शिक्षक पहली बार शामिल होने जा रहे हैं।

यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार जिले के राजकीय इंटर कॉलेजों ने लंबे समय बाद मेरिट में अपना स्थान बनाया है। इन स्कूलों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजय नगर, राजकीय इंटर कॉलेज नरवल और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिधनू को शामिल किया गया है। 

इन तीनों ही स्कूलों के मेधावियों ने इस बार 97 फीसदी से अधिक अंकों को हासिल कर बोर्ड की मेरिट सूची में अपना स्थान पक्का किया था। राजकीय इंटर कॉलेजों की इस उपलब्धि पर आईआईटी की ओर से विशेष प्रशिक्षण दिए जाने के लिए आमंत्रित किया गया है। शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि 5 से शुरू होने वाले इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को शिक्षण कार्य के नवीन तरीके सिखाए जाएंगे। 

इसके अलावा कम संसाध्रनों में अधिक आउटपुट के लिए पाठ्यक्रम के विशेष समायोजन का भी तरीका समझाया जाएगा। पूरे मामले पर जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि पहली बार जीआईसी के शिक्षकों को आईआईटी गांधी नगर में होने वाली विशेष ट्रेनिंग के लिए आमंत्रित किया गया है। इस ट्रेनिंग से विभाग को बेहतर लाभ होगा। सबसे अधिक लाभ स्कूल के विद्यार्थियो को इस प्रशिक्षण के जरिए हो सकेगा। 

बौद्धिक क्षमता भी परखना सीखेंगे

शिक्षा अधिकारियों की ओर से बताया गया कि पांच दिन तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण में शिक्षक मनोविज्ञान संबंधी जानकारियां भी हासिल करेंगे। शिक्षण कार्य के दौरान छात्र-छात्राओं का बौद्धिक स्तर की जानकारी हासिल कर उन्हें किस तरह से पढ़ाना है यह भी सीखेंगे। इसके अलावा बेहतर बौद्धिक स्तर वाले विद्यार्थियों को किस तरह से बेहतर अंक के लिए तराशना है उसका भी तरीका उन्हें बताया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Kanpur: रोडवेज बसों पर लगाम लगाने वाले GPS सिस्टम की चालकों ने दे दी बलि, परिवहन विभाग धरातल पर जाने को मजबूर

 

संबंधित समाचार