Chitrakoot: फेसबुक पर दोस्ती के बाद प्यार और फिर मिली मौत...युवती के मुस्लिम होने पर घरवालों ने रखने से किया था इंकार
चित्रकूट में युवती की हत्या करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
चित्रकूट, अमृत विचार। राजापुर थानांतर्गत तीरमऊ के पास से युवती का शव बरामद होने के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। युवती की पहचान युवक से फेसबुक के जरिए हुई थी। बाद में युवक उसे अपने साथ ले आया और जब युवती के मुस्लिम होने की वजह से घरवालों ने साथ रखने से इंकार कर दिया तो साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
छह मई को थाना राजापुर के पास तीरमऊ के जंगल में पुरानी नदी नाला जंगल तीरमऊ से एक युवती का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने इसकी शिनाख्त के प्रयास किए थे पर पता नहीं चल सका था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाकर हत्या आई थी।
एसपी ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद जब पुलिस ने तफ्तीश की तो पता चला कि इसका एक युवक से लगभग आठ महीने से एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी दिशा में जांच की तो कड़ियां जुड़ती गईं। पुलिस ने विवेचना से प्रकाश में आए आरोपियों रोहित निषाद (20) पुत्र संतराम, दुर्गा प्रसाद (72) पुत्र कुंवरवां, मैकू (32) पुत्र रामभरोसे निवासीगण टिकरा मजरा सिरावल और मोहन (32) पुत्र श्याम निषाद निवासी भिटरिया थाना मऊ को दो जून की शाम खुरहा बाबा मंदिर के पास से दबोच लिया।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रोहित ने बताया कि 30 अप्रैल को वह मोहन निषाद के साथ कौशांबी के एक गांव निवासी प्रेमिका को बहला फुसलाकर साथ ले आया था। उसी दिन तीनों लोग मथुरा ईंट भट्टे पर चले गए थे। बताया कि वह प्रेमिका को लेकर मोहन के साथ पांच मई को घर पहुंचा और फिर घरवालों के दबाव और अन्य बातों की वजह से रात करीब ढाई बजे दूसरे मकान में ले जाकर दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी।
इसके बाद वे लोग शव को चचेरे भाई दुर्गा प्रसाद की पिकअप से नाले में फेंक आए। बताया कि उसी शाम को वह मोहन के साथ सूरत भाग गया था और बाद में इस मामले में आगे क्या हुआ, इसकी जानकारी लेने के लिए गांव आ गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजापुर मनोज कुमार, निरीक्षक अपराध विनोद कुमार, एसआई कन्हैया बक्स सिंह, इमरान खान, आरक्षी प्रकाश मिश्रा और अजय मिश्रा शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- Chitrakoot: दो गुटखा व्याापारियों से लूट का खुलासा...पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, लूट का ये माल हुआ बरामद
