हेड कांस्टेबल की पत्नी को कमरे में बंधक बना अंगोछे से कसा गला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

- मारपीट के दौरान परिचितों ने महिला से की अश्लील हरकत, महिला ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग

ठाकुरगंज/ लखनऊ, अमृत विचार। ठाकुरगंज अंतर्गत अलमासबाग बालागंज में रुपये के विवाद में परिचितों ने हेड कांस्टेबल की पत्नी को कमरे में बंधक बना अंगोछे से उसका गला कस दिया। इस दौरान परिचितों ने उससे अश्लील हरकत भी की। किसी तरह परिचितों के चंगुल से बचकर निकली महिला ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि सरोजनीनगर गौरी बाजार की रहने वाली महिला ने परिचितों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर थाने में तहरीर दी है। महिला ने बताया कि उसे पति पुलिस विभाग में दीवान (हेड कांस्टेबल) है। वर्तमान में वह सीतापुर जनपद में तैनात है। महिला का आरोप है कि अलमासबाग बालागंज के रहने वाले परिचितों को उसने कुछ पैसा उधार दिया था। तय समय पर परिचित रुपया देने में आनकानी कर रहे थे। जिसके बाद परिचितों से रूपया लेने उनके घर पहुंच गई। आरोप है कि घर पर उसे देख परिचित अभद्रता करने लगे।

विरोध करने पर परिचितों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसे कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद परिचित उससे मारपीट करने लगे। महिला का आरोप है कि जान से मारने की नियत से परिचितों ने अंगोछे से उसका गला कस दिया। इस दौरान उससे अश्लील हरकत भी की गई। महिला का कहना का कहना है कि वह आठ माह की गर्भवती है। आरोपी ने उसके पेट पर लात भी मारी है। किसी तरह वहां से जान बचाकर थाने पहुंची महिला ने परिचितों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामला रुपयों के लेनदेन से जुड़ा है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिचितों को हिरासत में लिया गया है। उसने पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें -बलिया में आम तोड़ने को लेकर दबंगों ने किशोर को बेरहमी से पीटा, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

संबंधित समाचार