यूपी में बड़ा उलटफेर: पीएम मोदी समेत पांच केंद्रीय मंत्री आगे, स्मृति ईरानी पीछे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे पीछे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश से 11 केंद्रीय मंत्री चुनावी मैदान में हैं। यहां लोकसभा की 80 सीट हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार अभी तक के रुझानों में जो केंद्रीय मंत्री आगे हैं उनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, कानून एवं न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति शामिल हैं। इसके अलावा स्मृति ईरानी, महेंद्र नाथ पांडेय, संजीव कुमार बालियान, अनुप्रिया पटेल, भानु प्रताप सिंह वर्मा, कौशल किशोर और अजय मिश्रा पीछे हैं। 

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, मंगलवार अपराह्न साढ़े 12 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी सीट पर कांग्रेस के अजय राय से 79,566 मतों से आगे हैं। लखनऊ सीट पर राजनाथ सिंह समाजवादी पार्टी (सपा) के रविदास मेहरोत्रा से 19,642 मतों से आगे हैं। महाराजगंज सीट पर पंकज चौधरी 24,000 मतों, आगरा सीट पर एसपी सिंह बघेल 70,000 से अधिक मतों से आगे हैं। 

अमेठी सीट पर स्मृति ईरानी कांग्रेस के के.एल शर्मा से लगभग 50,000 मतों से पीछे हैं। इसी तरह महेंद्र नाथ पांडे चंदौली सीट पर सपा के बीरेंद्र सिंह से 1,134 मतों से पीछे हैं। मुजफ्फरनगर सीट पर संजीव कुमार बालियान सपा के हरेंद्र सिंह मलिक से 28,000 से अधिक मतों से पीछे हैं। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर सीट पर सपा के रमेश चंद बिंद से 1,554 मतों से पीछे हैं। 

जालौन सीट पर राज्यमंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा सपा के नारायण दास अहिरवार से 16,000 से अधिक मतों से पीछे हैं। आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री कौशल किशोर सपा के आर के चौधरी से 60,000 से अधिक मतों से पीछे चल रहे हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा खीरी में सपा के उत्कर्ष वर्मा ‘मधुर’ से 10,000 से अधिक मतों से पीछे हैं।  

ये भी पढ़ें -Live UP Lok Sabha Election Result 2024: UP में मतगणना जारी, लखनऊ में सपाईयों ने किया हंगामा

संबंधित समाचार