अमेठी: स्मृति ईरानी ने की विकास कार्यों की समीक्षा
गौरीगंज/अमेठी, अमृत विचार। केंद्रीय वस्त्र तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी अपने एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अमेठी पहुंची। कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना वायरस व अन्य विकास कार्यों समीक्षा बैठक कर उन्होंने राज्यमंत्री सुरेश पासी, जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर, सहित सभी जिला स्तरीय …
गौरीगंज/अमेठी, अमृत विचार। केंद्रीय वस्त्र तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी अपने एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अमेठी पहुंची। कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना वायरस व अन्य विकास कार्यों समीक्षा बैठक कर उन्होंने राज्यमंत्री सुरेश पासी, जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अंकुर लाठर, सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान सांसद ने 22 लाख की लागत से विकासखंड अमेठी के ग्राम बेनीपुर में नवनिर्मित मल अपशिष्ट निवारण संयंत्र, सरैंया दुबानपुर में एक वृहद गौ संरक्षण केंद्र और 41 हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से ग्राम प्रधानों से वार्ता कर उनके क्षेत्र में हो रहे विकास के संबंध में जानकारी ली।
स्मृति ईरानी ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बैठक में जिलाधिकारी अरुण कुमार ने जनपद में कोविड-19 महामारी के दौरान जिला प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों का सांसद की अध्यक्षता में आयोजित ई-चौपाल व आईजीआरएस में मिली शिकायतों के निस्तारण के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।
सांसद ने कोविड-19 महामारी के दौरान जिला प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों ने कोविड-19 महामारी के दौरान जनपद वासियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान खुद की चिंता न करते हुए सभी अधिकारियों द्वारा जनपद वासियों को राशन, दवाइयां, भोजन सहित अन्य सुविधाएं सुनिश्चित कराई हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों व जनपद वासियों को शारदीय नवरात्र की हार्दिक बधाई दी। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि शासन के निर्देश पर तत्काल जिला प्रशासन द्वारा जन सामान्य को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है साथ ही जनपद में चल रहे विकास कार्यों को भी तीव्र गति से किया जा रहा है। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में उक्त के अतिरिक्त समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, महिला ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधिगण व अन्य संबंधित मौजूद रहे।
शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंची केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय वस्त्र तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी अपने एक दिवसीय दौरे पर भाजपा जिला महामंत्री को शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंची। इस दौरान स्मृति ईरानी के सामने क्षेत्र की दर्जनों शिकायतें लेकर क्षेत्रवासी इकठ्ठा हो गए। उन्होंने सभी की शिकायतें सुनकर एसओ जायस से एक घंटे में जवाब मांगा। क्षेत्र की अधिकतर शिकायत जमीन पर जबरन कब्जेदारी को लेकर रही।
कोतवाली के गांव मुखेतिया में भाजपा जिला महामंत्री भागीरथी मौर्या के यहां स्मृति ने परिवार के साथ शोक संवेदना व्यक्त की। भागीरथी मौर्या ने बताया मंत्री को बताया कि उनका 18 वर्षीय बेटा हिमांशु लॉकडाउन के दौरान रायबरेली में ननिहाल गया था। जहां अपने साथियों के साथ इसी वर्ष 11 जुलाई को गांव में नैया नाला में नहाने चला गया था। उसी दौरान उसकी डूबकर मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि इससे पहले इसी वर्ष अप्रैल माह में पिता की भी आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। इस दौरान जिला महामंत्री के बड़े बेटे प्रशांत व बहू नीतू से मिलकर भविष्य में किसी भी समस्या से निपटने में उनका साथ देने का आश्वासन दिया। शोक संवेदना व्यक्त करने के दौरान सूबे के राज्यमंत्री सुरेश पासी, क्षेत्रीय विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित, ब्लाक प्रमुख सिंहपुर कृष्ण कुमार सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेश बहादुरपुर सिंह, भाजपा नेता राकेश त्रिपाठी सहित क्षेत्र के दर्जनों नेता मौजूद रहे।
रेप पीड़िता के ससुर ने स्मृति ईरानी से लगाई न्याय की गुहार
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी बुजुर्ग ने शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से अपने बहु के साथ गांव के ही एक युवक पर भगा ले जाने व उसके साथ दुष्कर्म करने की शिकायत लेकर पहुंचा। बुजुर्ग व्यक्ति ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि घटना 14 अक्टूबर की है, फिर भी अभी तक मुकदमा नहीं लिखा गया। उन्होंने बताया कि गांव निवासी एक व्यक्ति उसी रात करीब 10 बजे मानसिक विक्षिप्त बहू को बहला फुसला कर भगा ले गया था। बुजुर्ग ने बताया कि आरोपी युवक कई दिनों तक अपने भाई के यहां रखकर दुराचार करता रहा और बाद में उसे गांव के बगल लाकर छोड़ दिया। केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद कोतवाली प्रभारी को बुलाकर एक घंटे में घटना के संबंध में जवाब मांगा।
