अयोध्या: अब घर बैठे मंगवाएं श्री हनुमान गढ़ी का प्रसाद
अयोध्या, अमृत विचार। फैजाबाद प्रधान डाकघर में आर एंड सी कम्पनी के सहयोग से डाक विभाग ने श्री हनुमान गढ़ी धाम पर आवरण एवं विरूपण किया। साथ ही डाक विभाग तथा संकटमोचन सेना ट्रस्ट ने देश के कोने कोने में श्री हनुमान गढ़ी अयोध्या धाम का प्रसाद पहुंचाने की सेवा का भी शुभारंभ किया गया। …
अयोध्या, अमृत विचार। फैजाबाद प्रधान डाकघर में आर एंड सी कम्पनी के सहयोग से डाक विभाग ने श्री हनुमान गढ़ी धाम पर आवरण एवं विरूपण किया। साथ ही डाक विभाग तथा संकटमोचन सेना ट्रस्ट ने देश के कोने कोने में श्री हनुमान गढ़ी अयोध्या धाम का प्रसाद पहुंचाने की सेवा का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लखनऊ परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल विवेक कुमार दक्ष ने कहा कि श्री हनुमान गढ़ी धाम का विशेष आवरण न सिर्फ देश के भीतर बल्कि वैश्विक स्तर पर भी सांस्कृतिक सन्देशवाहक का कार्य करेगा।
विवेक कुमार दक्ष ने यह भी कहा कि डाक टिकट और विशेष आवरण सदैव सांस्कृतिक संदेशवाहक की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में इस आवरण से पूरे विश्व में हनुमान और श्रीराम से जुड़े सम्बन्धों का प्रसार होगा। दुनिया भर के डाक टिकट संग्राहकों के लिए यह एक अमूल्य निधि की तरह है। उन्होंने प्रसाद की सेवा शुरू करते हुए कहा कि आज से देश में अयोध्या के श्रद्धालुओं को घर बैठे ही प्रसाद मिलेगा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि डाक विभाग हनुमान जी और अयोध्या से जुड़ी ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व की चीजों को सामने लाकर भारतीय संस्कृति को निरंतर समृद्ध कर रहा है। इससे युवा पीढ़ी को भी अपनी सभ्यता, संस्कृति एवं विरासत से जुड़ने का मौका मिल रहा है।
आर एन्ड सी कम्पनी के मैनेजिंग डायरेक्टर कृष्ण मोहन सिंह ने कहा कि आवरण के माध्यम से विश्व में श्री हनुमान गढ़ी मंदिर और अयोध्या की महिमा का प्रसार होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
संकटमोचन सेना ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय दास ने कहा कि जिस प्रकार हनुमानजी ने संजीवनी बूटी लाकर लक्ष्मण जी के प्राण बचाये उसी प्रकार डाक विभाग घर घर हनुमानजी का प्रसाद पहुंचाकर इस कोविड महामारी को दूर भगायेगा।
फ़िल्म कलाकार बिन्दु दारा सिंह ने कहा कि उनके पिताजी ने तीन बार टीवी सीरियल में हनुमान जी का किरदार अदा किया एवं उनकी अंतिम इच्छा रामायण सीरियल को फिर से देखने की थी। बचपन से ही हनुमानजी के प्रति श्रद्धा एवं भक्तिभाव वाले माहौल में रहा हूं। आज डाक विभाग द्वारा श्री हनुमान गढ़ी पर विशेष आवरण एवं विशेष विरूपण जारी तथा श्री हनुमान गढ़ी का प्रसाद का वितरण देखकर मन प्रफुल्लित हो उठा।
फैजाबाद मण्डल के प्रवर अधीक्षक डाकघर आर. एन. यादव ने बताया कि प्रसाद मंगवाने के लिए भक्तों को संकटमोचक प्रसाद (लड्डू, तश्वीर, महावीरी, किताब) के लिए रु. 251/- अथवा महावीर प्रसाद (लड्डू, तश्वीर, महावीरी, किताब, तुलसी माला, हनुमान यंत्र) रु.551/- का ई-मनीआर्डर सब पोस्टमास्टर अयोध्या-224123 को भेजना होगा जिसके बदले में संकटमोचन सेना ट्रस्ट द्वारा श्री हनुमान गढ़ी मंदिर के सौजन्य से उपलब्ध कराए गए प्रसाद को श्रद्धालुओं तक डाक के माध्यम से पहुंचाया जायेगा।
इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर रवि कुमार, डाक निरीक्षक सिंकू रावत, मनोज कुमार, ए के सिंह, दीपक मौर्य, सत्येन्द्र प्रताप सिंह, जयशंकर प्रसाद वर्मा, अनुज यादव, पंकज सिंह एवं दर्जनों साधू सन्त सहित सैकड़ों सोग मौजूद रहे।
