सुल्तानपुर : भाजपा जिला महामंत्री की दुकान के सामने दगाए गोला पटाखा
मना करने पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
कादीपुर, सुलतानपुर, अमृत विचार। लोकसभा के चुनाव के परिणाम की घोषणा के बाद कस्बे में भाजपा जिला महामंत्री की दुकान के सामने खुशी का इजहार करते हुए कुछ लोग गोला पटाखा दगाने लगे। आरोप है कि मना करने पर मारपीट की। जिसमें भाजपा जिला महामंत्री, उनके दो बेटे एवं एक बेटी को चोट आई। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मंगलवार को देर शाम लगभग साढ़े सात बजे जब लोकसभा का परिणाम घोषित हुआ, उसके बाद कस्बे के जवाहर नगर मोहल्ले में भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम चौहान के जया गारमेंट्स की दुकान के सामने कुछ लोग गोला पटाखा दागने लगे। जिसकी चिंगारी दुकान की तरफ जाने लगी।
आरोप है कि मना करने पर महामंत्री के बेटे बृजेश सिंह चौहान को मारने पीटने लगे। बीच बचाओ करने पहुंचे जिला महामंत्री घनश्याम चौहान एवं उनके बड़े बेटे कृष्ण कुमार चौहान तथा बेटी रचना सिंह चौहान को भी मारा पीटा। जिससे उन लोगों को चोटे आई। बृजेश सिंह चौहान की तहरीर पर पुलिस ने कस्बे के ही मोहम्मद सैफ, सैफ, आरिफ, आकिब एवं 10 अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कस्बे के ही सलमान एवं इमरान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
