Kanpur: भाजपा के दक्षिण क्षेत्र गढ़ में सेंध नहीं लगा पाई कांग्रेस...इन तीन विधानसभाओं में आगे रहकर भी आलोक मिश्रा को मिली हार
किदवई नगर विधान सभा क्षेत्र में 62 हजार और गोविंद नगर में 41 हजार मतों की लीड ने बनाया जीत का आधार
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन से कांग्रेस के प्रत्याशी आलोक मिश्रा को लेकर जिस बात की आशंका जताई जा रही थी, उसका तोड़ वह नहीं खोज पाए। भाजपा के नए प्रत्याशी रमेश अवस्थी ने किदवई नगर और गोविंद नगर विधान सभा क्षेत्र का मजबूत गढ़ सहेज कर कांटे के मुकाबले में आलोक मिश्रा को करीब 21 हजार मतों से मात दे दी।
कांग्रेस से जब पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने 1999, 2004 और 2009 के चुनाव में जीत हासिल की थी, तब किदवई नगर और गोविंद नगर में भाजपा को लंबी बढ़त लेने से रोकने में सफलता पाई थी। इस बार कांग्रेस से ब्राह्मण आलोक मिश्रा के होने से पार्टी को उम्मीद थी कि ब्राह्मण बाहुल्य किदवई नगर सीट पर वह भाजपा को टक्कर दे पाएगी, लेकिन यह रणनीति भाजपा के सांगठनिक ढांचे के आगे परवान नहीं चढ़ पाई।
कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्रा ने सीसामऊ विधान सभा क्षेत्र में भाजपा पर 27 हजार वोटों से बढ़त बनाई। आर्यनगर में भी पार्टी ने भाजपा को 11 हजार मतों से मात दी। कांग्रेस को सबसे बड़ी कामयाबी कैंट विधानसभा क्षेत्र में मिली, जहां उसने भाजपा पर करीब 44 हजार मतों की लीड हासिल की। इन तीनों विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। माना जा रहा है कि सपा का आधार होने से इन तीनों विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जीत को आधार मिला। लेकिन कांग्रेस किदवई नगर और गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की चुनौती से पार नहीं पा सकी।
गोविंद नगर से विधायक सुरेंद्र मैथानी और किदवई नगर के विधायक महेश त्रिवेदी ने अपने-अपने विधान सभा क्षेत्र में भाजपा का भगवा मजबूती से फहराए रखा। गोविंद नगर में भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी को 41 हजार मत तो किदवई नगर विधान सभा क्षेत्र में 62 हजार मतों की निर्णायक बढ़त मिली। इससे साफ है कि कांग्रेस को गोविंद नगर में भाजपा की बढ़त से पार पाने लायक मत तो मिले, लेकिन किदवई नगर ने जीत का मौका हाथ से छीन लिया।
हालांकि किदवई नगर में भाजपा को मिली बड़ी कामयाबी के पीछे कांग्रेस के पूर्व विधायक और शहर के कद्दावर नेता अजय कपूर का चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामना भी माना जा रहा है। उनके समर्थकों का कहना है कि पार्टी ने अजय कपूर को किदवई नगर में जीत का अंतर बढ़ाने का दायित्व सौंपा था, जो उन्होंने कर दिखाया।
कहां किसको मिले कितने वोट
विधानसभा कांग्रेस बसपा भाजपा
गोविंदनगर 71560 4470 112400
सीसामऊ 87323 1557 60848
आर्यनगर 78878 887 67539
किदवईनगर 66680 3096 128302
कैंट 115028 1833 71520
