बदायूं: फंदे पर लटका मिला महिला का शव, गला दबाकर हत्या का आरोप
बदायूं,अमृत विचार। थाना मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव में महिला का शव फंदे पर मिला। परिवार में चीत्कार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर महिला के मायका पक्ष के लोग गांव पहुंच गए। अतिरिक्त दहेज की मांग के लिए महिला की गला दबाकर हत्या करके शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। महिला के पिता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।जिला बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव शिवपुरी रदौली निवासी वेदराम की बेटी स्वाती की शादी लगभग पांच साल पहले थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव मनकापुर कौर निवासी विवेक पुत्र बलदेव के साथ हुई थी।
वेदराम के अनुसार उन्होंने उन्होंने बेटी की शादी में अच्छा खासा दान दहेज दिया था। आरोप है कि इससे ससुरालीजन खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग करने लगे। महिला के असमर्थता जताने पर ससुरालीजनों ने महिला को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
ससुरालीजनों के लगातार प्रताड़ित करने की वजह से स्वाती कुछ दिनों से मायके चली गई थी लेकिन विवेक ने दवाब बनाकर उसे ससुराल बुला लिया था। मंगलवार सुबह घर पर स्वाती (23) का शव फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों ने महिला के मायका पक्ष और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और मायके के लोग गांव मनकापुर कौर पहुंचे।
शव को फंदे से नीचे उतारा। मायका पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुरालीजनों ने महिला की गला दबाकर हत्या की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। वेदराम ने तहरीर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला की पति विवेक, देवर राजन, परिवार के बलदेव और नन्हीं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने आरोपी विवेक को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि महिला की मौत हुई थी। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आगे की जांच चल रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-Budaun Lok Sabha Election Result: बदायूं सीट से सपा के आदित्य यादव जीते, दुर्विजय सिंह को दी करारी शिकस्त
