Bareilly News: कल से फिर बढ़ेगा तापमान, एक सप्ताह तक गर्मी से नहीं मिलेगी राहत
बरेली, अमृत विचार। जिले के लोगों को अभी एक सप्ताह तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने गुरुवार से तापमान में बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री और न्यूनतम 28 से 29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
जिले में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन यह मंगलवार से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मंगलवार से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी सप्ताह भर एक बार फिर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान आर्द्रता 50 से अधिक होने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार से पुरवा हवा कमजोर पड़ जाएगी। इसकी वजह से लू का दायरा बढ़ेगा। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किमी की रफ्तार से धूल भरी हवा चलने के आसार हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: संदिग्ध परिस्थिति में युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, परिजनों ने कुछ भी बताने से किया इंकार
