मुरादाबाद : भाजपा के गढ़ में सपा प्रत्याशी को मिले अधिक वोट, पन्ना प्रमुखों के साथ बैठक में भाजपाई करेंगे चर्चा
परिणाम के बाद अब विधानसभा वार मिले वोटों पर दलों के दिग्गज कर रहे मंथन,
मुरादाबाद, अमृत विचार। मतगणना के बाद परिणाम घोषित हो गया। अब विधानसभावार मिले वोटों पर दलों में मंथन हो रहा है। भाजपा के गढ़ में सपा प्रत्याशी रुचि वीरा को मिले अधिक वोटों ने भाजपा के रणनीतिकारों को चिंता में डाल दिया है। ठाकुरद्वारा और नगर विधानसभा के अलावा बढ़ापुर में सपा प्रत्याशी ने कई राउंड में भाजपा से अधिक वोट हासिल किए है।
मुरादाबाद लोकसभा सीट से इंडी गठबंधन से सपा की प्रत्याशी रुचि वीरा को 6,37,363 वोट मिले हैं। जिसके चलते उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह को 1,05,762 मतों से हराकर पहली महिला सांसद बनने का गौरव हासिल कर लिया। नामांकन के आखिरी दिन मुरादाबाद में पहुंचने वाली रुचि वीरा ने एक महीने से कम समय में कड़ी मेहनत कर जीत तक का सफर तय किया तो बूथ जीतो चुनाव जीतो का मंत्र देने वाले भाजपा के दिग्गजों की रणनीति फेल होना स्वाभाविक था। अब मतगणना के बाद आए परिणाम को लेकर भाजपा में मंथन होना है।
बुधवार को भी भाजपा प्रत्याशी के कार्यालय पर वोटों का गुणा गणित लगाया जा रहा था। सपा प्रत्याशी के पक्ष में परिणाम पहले से लेकर आखिरी राउंड तक रहा। हर राउंड में वह भाजपा प्रत्याशी पर भारी पड़ती रहीं। सपा की रुचि वीरा ने पहले राउंड से बढ़त ली तो फिर पीछे मुड़ कर नहीं देखा। उन्होंने 6,37,363 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के कुंवर सर्वेश सिंह को 1,05,762 मतों से हराकर संसद में पहुंचने में सफलता पाई। दूसरे नंबर पर आए भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश (दिवंगत) को 5,31,601 मत ही मिले।
चौंकाने वाली बात यह रही कि जिन विधानसभाओं में भाजपा को अधिक वोट की उम्मीद थी वहां सपा भारी पड़ी। इसमें बढ़ापुर, ठाकुरद्वारा और मुरादाबाद नगर विधानसभा सीट शामिल रही। बढ़ापुर से कुंवर सर्वेश सिंह के बेटे सुशांत सिंह स्वयं भाजपा के विधायक हैं। भाजपा प्रत्याशी पूर्व सांसद ठाकुरद्वारा के ही रहने वाले थे और नगर विधानसभा में भाजपा के विधायक रितेश कुमार गुप्ता हैं। ऐसे में इन तीनों विधानसभाओं में सपा को मिले वोटों ने भाजपा के हार की पटकथा लिख दी।
मुरादाबाद लोकसभा सीट का परिणाम हमारी उम्मीद व कल्पना से परे है। फिर भी हम जनादेश का सम्मान करते हैं। पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों, पन्ना प्रमुखों आदि के साथ बैठक में परिणाम व मिले वोटों पर मंथन करेंगे। जो कमियां या चूक रह गई होंगी उसे दूर करेंगे। जनहित के लिए उनके बीच रहकर निरंतर कार्य करना पार्टी व उनकी प्रतिबद्धता है।-आकाश पाल, जिलाध्यक्ष भाजपा
भाजपा के प्रभाव वाली तीन विस क्षेत्रों में सपा-भाजपा को मिले वोट
बढ़ापुर ठाकुरद्वारा नगर विस क्षेत्र
सपा -1,03,202 1,22,441 1,45,072
भाजपा- 99,189 1,12,879 1,32,803
अंतर- 4,013 9,562 12,269
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मतगणना स्थल पर चप्पे-चप्पे पर तैनात रही फोर्स, अधिकारी लेते रहे जायजा
