Bareilly News: घर में घुसकर महिला से लूटपाट करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

demo image

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर में ब्रेड कारोबारी बुजुर्ग महिला के साथ घर में घुसकर लूटपाट करने वाले एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के घुटने के पास गोली लगी है। जबकि दूसरा बदमाश मौका पाकर फरार हो गया।

सौ फुटा रोड पर मिथिलापुरी कालोनी में 65 वर्षीय अवधेश अकेले रहती हैं। उनके पति का निधन हो चुका है। छह दिन पहले दो बदमाशों ने घर में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया। हाथ-पैर बांधकर सोने की चेन, कुंडल और दस हजार रुपये लूट लिए। 

विरोध करने पर उनके चेहरे पर ईंट मारकर घायल कर दिया। बाद में बदमाश अवधेश को कमरे में बंद कर भाग गए। किसी तरह से उन्होंने दरवाजा खुलवाया। घटना का पता चलने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज देखने पर दो बदमाश दिखाई दिए। इनमें एक बदमाश के लंबे बाल थे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर ली। इसके बाद उनकी तलाश में जुट गई।

बुधवार रात करीब दस बजे इज्जतनगर पुलिस को पता चला कि लूटपाट करने वाले दोनों बदमाश सिद्धार्थ नगर में केंद्रीय विद्यालय के पास से स्कूटी से गुजर रहे हैं। सूचना पर दरोगा मुकेश चौहान व सिपाही संदीप सिंह मौके पर पहुंच गए। दरोगा ने बदमाशों को रुकने के लिए कहा तो इनमें से एक ने गोली चला दी जो उनके कान से छूते हुए निकल गई। 

जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जो एक आरोपी के पैर में घुटने से नीचे लगी। गोली लगते ही वह गिर गया। पुलिस ने घायल को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान फैजान उर्फ लकी निवासी मौलानगर के रूप में हुई है। जबकि फरार आरोपी संजय नगर का रहने वाला अमर सिंह है। फैजान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इज्जत नगर थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Bareilly News: विश्वविद्यालय की परीक्षा में समय से पहले गोपनीय पत्र जारी करने का शक

 

संबंधित समाचार