बिजनौर: तहेरे-चचेरे भाइयों ने लाठी-डंडों से पीटकर युवक को मार डाला, पिता-पुत्र और दो महिलाएं गिरफ्तार
नहटौर, अमृत विचार। नगर के मोहल्ला ईदगाह में बुधवार रात भूमि विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद तहेरे-चचेरे भाइयों ने युवक को घेरकर लाठी डंडों से मारा पीटा। परिजन घायल को निजी चिकित्सक के यहां ले गए। यहां से बिजनौर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव थाने ले जाकर महिलाएं धरने पर बैठ गईं। धामपुर मार्ग के एजेंसी चौराहे के पास शव रखकर कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। सीओ के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। पुलिस ने पिता-पुत्र और दो महिलाओं को पकड़ लिया है।
नगर के मोहल्ला ईदगाह निवासी दो सगे भाइयों शमीम अहमद और वसीम के बीच कई साल से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होती रहती है। बताया गय कि कुछ दिन पहले वसीम अहमद व उसके पुत्रों ने विवादिता जमीन पर लिंटर डालकर कब्जा कर लिया था। इससे विवाद और बढ़ गया। इसकी शिकायत शमीम अहमद ने उच्चाधिकारियों से की थी। आरोप है कि उच्चाधिकारियों से शिकायत करने से गुस्साए वसीम व उसके पुत्रों ने बुधवार रात शमीम अहमद को पीटकर घायल कर दिया। घायल शमीम अपने पुत्र शादाब और पुत्री के साथ शिकायत करने थाने पहुंचा।
इस दौरान नहटौर धामपुर मार्ग के ईदगाह तिराहा के पास आरोपियों ने शमीम के दूसरे पुत्र दिलशाद (40) को अकेला देखकर घेर लिया और उस पर लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच एक आरोपी अपने साथ मारपीट की झूठी सूचना देने थाने पहुंच गया। शादाब अपने भाई के घायल होने की सूचना सुनकर थाने से बाहर निकला था। तभी हमलावरों ने उसे भी दबोच लिया। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर पुनः थाने पहुंचा। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी घायल को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले गए। लेकिन चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर बताकर उसे बिजनौर रेफर कर दिया। बिजनौर ले जाते समय रास्ते में ही दिलशाद ने दम तोड़ दिया।
इसे बाद पुलिस ने दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव नहटौर पहुंचते ही सैकड़ो की संख्या में लोग थाने पहुंच गए। पुलिस पर आरोपियों के साथ हमसाज होने का आरोप लगाकर महिलाएं थाने में धरने पर बैठ गईं। उन्होंने विवादित भूमि पर लिंटर डलने को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने नहटौर-धामपुर मार्ग के एजेंसी चौराहे पर लाकर शव रख दिया। यहां उन्होंने नारेबाजी की। उनका कहना था कि आरोपी खुद ही झूठी शिकायत करने का षडयंत्र रच रहे हैं। सीओ सर्वम सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बात की और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस पर लोग शांत हुए और शव को उठाकर अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देख रही है। मृतक के भाई शादाब ने मुकीम, शहबाज, असद, अनस, मुस्तकीम, अमन, उजैफ पुत्र वसीम, सन्नो पत्नी वसीम, किश्वर पुत्री वसीम, अलीम पुत्र जमालुद्दीन मोहल्ला तकिया गढ़ी, तालिब पुत्र अकील मोहल्ला शेखान के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है। वसीम, उसके पुत्र शहबाज और दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में महिलाओं को छोड़ दिया गया। गिरफ्तार किए गए पिता-पुत्र को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सीओ सर्वम सिंह का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें। बिजनौर: नगीना से चंद्रशेखर और बिजनौर से आरएलडी के चंदन सिंह जीते
