बाराबंकी में मंदिर की मूर्ति खंडित होने से बढ़ा तनाव, नई मूर्ति मंगवाकर कराई प्राण प्रतिष्ठा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। दुर्गा माता मंदिर में लगी मूर्ति को अराजक तत्वों द्वारा लगातार तीसरी बार खंडित किए जाने को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट फतेहपुर आरजगत साईं, नायब तहसीलदार रामजी द्विवेदी व क्षेत्राधिकारी डॉ. बीनू सिंह मौके पर पहुंचे और मामले में डैमेज कंट्रोल करने के लिए नई मूर्ति मंगा कर प्राण प्रतिष्ठा कराई। साथ ही दोनों पक्षों को बैठाकर सुलह समझौता कराकर मामले को रफा दफा किया।

पूरा मामला थाना क्षेत्र कुर्सी के पोखन्नी गांव के सैकड़ो वर्ष पुराने दुर्गा माता मंदिर का है। बुधवार की रात अराजक तत्वों ने मंदिर की प्रतिमा को खंडित कर दिया। प्रतिमा को खंडित करने का यह मामला पहली बार नहीं हुआ। इससे पहले भी इसी मंदिर की प्रतिमा को दो बार और खंडित किया जा चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते 3 जून को मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई थी और विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। बुधवार की रात अराजक तत्वों ने मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कराई गई प्रतिमा को खंडित कर दिया। सुबह पूजन अर्चन करने गए ग्रामीणों ने खंडित प्रतिमा देखी तो मामला जंगल में लगी आग की तरह तेजी से आसपास के क्षेत्र में फैल गया। जिसकी वजह से स्थिति तनाव पूर्ण हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीम फतेहपुर आरजगत साईं पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। बलवा होने की स्थिति भांप कर सीओ डॉ बीनू सिंह ने मौके पर भारी पुलिस बल व पीएसी के जवानों को लगाया गया। क्षेत्र में पहले तनाव की स्थिति को देखकर एसडीएम व सीओ ने दोनों पक्षों से बातचीत की व खंडित के स्थान पर नई मूर्ति मंगाकर स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पूरे विधि विधान के साथ उसकी अपनी मौजूदगी में प्राण प्रतिष्ठा करवाई।

प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर ली गई है। किसी तरह का तनाव नहीं है।

24 - 2024-06-06T202623.451

कैमरे के जरिए क्लू तक पहुंचने की कोशिश
जिस स्थान पर घटना हुई है, इस गांव के ही मुस्लिम समुदाय के एक मकान के पिछले हिस्से में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। पुलिस ने अराजक तत्वों की तलाश के लिए कैमरे की सीडीआर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का मानना है कि सीसीटीवी के जरिए घटना के क्लू तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर दोषियों तक पहुंचने में जुट गई है। 

हटवाया गया एक विशेष समुदाय का शौचालय
प्रशासन द्वारा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के लिए मंगाई गई मूर्ति आने के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर के समीप एक विशेष समुदाय द्वारा बनाए गए शौचालय का विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध कर रहे लोगों की मौजूद अधिकारियों से मांग थी कि पहले मंदिर परिसर में बनाए गए शौचालय को वहां से हटाया जाए। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने शौचालय को गिरवा दिया। 

घटना की पुनरावृत्ति हुई तो होगी सख्त कार्रवाई
एसडीम फतेहपुर आर जगत साईं ने क्षेत्रीय लोगों को समझाते हुए कहा कि आप लोग अपने बच्चों को अच्छे से शिक्षित करें। अपने अपने घरों में पूजा करें और सामाजिक सौहार्द बनाने में प्रशासन की मदद करें। उन्होंने ग्रामीणों को हिदायत देते हुए कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब अगर इस तरह की घटना किसी के द्वारा की जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -बाराबंकी: रोक के बाद भी एक साथ बिक रहा पान मसाला और तंबाकू

संबंधित समाचार