बरेली: गर्मी की छुट्टियों में करें पहाड़ों की सैर, कम बजट में रेलवे दे रही मौका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार: गर्मी की छुट्टी में कम खर्च में पहाड़ की सैर का इरादा है तो ट्रेन से सफर करना आपके लिए उपयुक्त विकल्प हो सकता है। पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर रेल मंडल नैनीताल के नजदीकी काठगोदाम और लालकुआं स्टेशनों तक तमाम एक्सप्रेस, पैसेंजर और सुपरफास्ट ट्रेनें चला रहा है जो सुबह से रात तक अलग-अलग वक्त में बरेली से उपलब्ध हैं।

बरेली से नैनीताल तक टैक्सी का किराया चार से पांच हजार रुपये तक बनता है लेकिन लालकुआं तक पैसेंजर ट्रेन का किराया सिर्फ 25 रुपये है। इसके अलावा मेल एक्सप्रेस का 45 और सुपरफास्ट ट्रेन का किराया भी 60 रुपये है। इसके आगे नैनीताल, भीमताल, भवाली तक का सफर बस या टैक्सी शेयरिंग के जरिए सिर्फ सौ-दो सौ रुपये में किया जा सकता है। इज्जतनगर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह के मुताबिक गर्मी की छुट्टियों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं, पहले से चल रही पैसेंजर और मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में भी यात्री काफी कम किराए में सफर कर सकते हैं।

पहाड़ों की ओर बरेली से ये ट्रेनें उपलब्ध
पैसेंजर ट्रेनों में 05336 कासगंज-काशीपुर, 05369 कासगंज लालकुआं और 05327 बरेली सिटी-लालकुआं रोज चलने वाली ट्रेनें हैं। 05351 बरेली सिटी काशीपुर मेमू ट्रेन का भी किराया साधारण है। मेल एक्सप्रेस, सुपरफास्ट ट्रेनों में 15055 आगरा फोर्ट रामनगर, 22975 बांद्रा टर्मिनस-रामनगर सुपरफास्ट, 15043 लखनऊ काठगोदाम एक्सप्रेस, 15061 कासगंज लालकुआं स्पेशल, 12353 हावड़ा-लालकुआं एक्सप्रेस, 13019 बाघ एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा 05046 राजकोट लालकुआं, 09075 मुंबई सेंट्रल काठगोदाम सुपरफास्ट, 03415 मालदा टाउन लालकुआं समेत कई स्पेशल ट्रेनें भी हैं। कुछ ट्रेनें काठगोदाम और हल्द्वानी के लिए भी हैं।

बरेली सिटी से लालकुआं के लिए डेमू ट्रेन भी शुरू
बरेली सिटी स्टेशन से लालकुआं के बीच डेमू ट्रेन भी सोमवार को शुरू हो चुकी है। ट्रेन 05401 बरेली सिटी स्टेशन से सुबह 08:25 बजे रवाना होती है। यही ट्रेन वापसी में लालकुआं बरेली सिटी डेमू स्पेशल 05402 शाम 15:10 बजे लालकुआं से चलकर शाम 06:10 बजे बरेली सिटी पहुंचती है। जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक यह ट्रेन अब रोज चलाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली में कुत्तों का आतंक, घर के बाहर खेल रहे दो बच्चों पर हमला

संबंधित समाचार