भदोही: कालीन प्रतिष्ठान में रूसी महिला के साथ मारपीट, 10 कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के एक कालीन प्रतिष्ठान में रूसी महिला के साथ मारपीट के आरोप में कंपनी के 10 कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर तेजवीर सिंह ने गुरुवार को बताया कि रुस के मास्को शहर की निवासी महिला कारोबारी अन्ना स्टेओर (30) ने पिछली जनवरी को कुरियर के जरिये भदोही की कालीन कंपनी आटेक्स को एक "कलर बॉक्स" (कालीनों की बुनाई में रंगों से मिलान कर उसके इस्तेमाल से उनको रंगने में प्रयोग किया जाने वाला उपकरण) भेजा था।

बाद में रूसी महिला द्वारा उसे वापस करने अथवा उपकरण को उसके भारतीय एजेंट को देने के लिए कहा था। आरोप है कि कालीन व्यवसाई द्वारा उपकरण को न तो वापस किया गया न ही उसके एजेंट को दिया गया उल्टे निर्यातक उसे ब्लैकमेल करने लगा। एएसपी ने बताया कि कलर बॉक्स को लेने के लिए एन्ना चार जून को भदोही पहुंचकर कालीन कंपनी आटेक्स पहुंची। जहां कलर को वापस लेने में कालीन कंपनी के मालिक एहसास अंसारी से उसकी नोंक-झोंक हुई। कहासुनी के बाद एन्ना जब कलर बॉक्स लेकर कार में बैठी तो निर्यातक के कहने पर कंपनी के कर्मचारी उसके साथ मारपीट करने लगे।

आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके एक हाथ की उंगली टूट गई। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने उसका मोबाइल फोन व पॉड छीन लिया। उन्होंने बताया कि महिला ने कोतवाली पहुंचकर मारपीट की घटना की शिकायत की एवं घटना का वीडियो भी पुलिस को दिया। मामले में कंपनी के 10 कर्मचारी के विरुद्ध धारा 147, 323 व 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल महिला मास्को के लिए रवाना हो गई है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: मस्जिद के सामने सींचपाल की चाकू से गोद कर हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

संबंधित समाचार