Unnao News: पुलिस ने 28 लाख का पकड़ा डोडा...झारखंड से बरेली खपाने ले जा रहे थे, चालक व हेल्पर भेजे गए जेल
बरेली खपने जा रहा 28 लाख का डोडा उन्नाव पुलिस ने पकड़ा
उन्नाव, अमृत विचार। सीओ सफीपुर के नेतृत्व में एसटीएफ व कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डीसीएम से बरेली खपने जा रहा 138 बोरी डोडा पकड़ा है। पुलिस ने चालक व हेल्पर को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना के निर्देश पर जिले में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत सीओ सफीपुर ऋषिकांत शुक्ला के नेतृत्व में एसटीएफ टीम व कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण सिंह ने टीम के साथ गुरुवार सुबह उन्नाव-हरदोई मार्ग पर मेंहदीखेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास एक डीसीएम को रोका।
तलाशी लेने पर उसमें 138 बोरी में भरा करीब 13 कुंतल 81 किलो 600 ग्राम डोडा बरामद किया गया। इस पर पुलिस ने बरेली के थाना हाफिजगंज रिठौरा के मोहल्ला इंद्रपुरी निवासी अनवार पुत्र अबरार व थाना बिथरी चैनपुर के बेनीपुर निवासी निजाम पुत्र निसरुद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिस पर उन लोगों ने बताया कि वे डीसीएम में डोडा लादकर झारखंड से बरेली ले जा रहे थे।
पुलिस ने डीसीएम व डोडा सीज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट भेजा है। इस कार्रवाई में एसटीएफ प्रभारी प्रताप नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल दिलीप, कुलदीप सिंह, मुकेश प्रजापति के अलावा कोतवाली में तैनात दरोगा जितेंद्र पांडेय, कल्लू राम व सिपाहियों में गिरीश, राज कुमार सोनकर, जितेंद्र नादर आदि शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- Love Couple Suicide In Kanpur: सगे बुआ के लड़के से प्रेम कर बैठी किशोरी...फिर दोनों ने दे दी जान, पढ़ें- पूरा मामला
