प्रयागराज: नलकूप में लटक रहा ताला, भीषण गर्मी में छोटा चाका में बढ़ी पानी की किल्लत

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

नैनी/प्रयागराज, अमृत विचार। नगर निगम के वार्ड 17 में शामिल हुए विकास खंड चाका के छोटा चाका गांव में पानी की किल्लत बढ़ती जा रही है। इस भीषण गर्मी में एक माह से पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। मोहल्ले में बने जल निगम के नलकूप में पिछले एक महीने से ताला लटका हुआ है। जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। अधिकारियों से शिकायत भी की गयी, लेकिन नतीजा सिफर रहा। 

शुक्रवार को नाराज लोगों ने वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज राव के नेतृत्व में विकास खंड चाका परिसर स्थित जल निगम कार्यालय में जाकर घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। बता दे कि दांदूपुर पेयजल योजना चाका से जलापूर्ति होती रही है। लेकिन इस नलकूप में एक माह से ताला लटका हुआ है। नलकूप को चलाने के लिए आपरेटर भी नियुक्त किया है। लेकिन वह भी नदारद चल रहा है। नलकूप बंद होने के करण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने जल निगम चाका कार्यालय का घेराव कर आक्रोश जताया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा संजय श्रीवास्तव ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि छोटा चाका के ट्यूबवेल में ताला लगा हुआ है। ऑपरेटर लापता है। इतनी भीषण गर्मी में अभियंता कुंभकरणी नींद में सो रहे हैं। जनता पानी की एक एक बूंद के लिए परेशान हो रही है। अधिकारियों के कान में जूं तक नहीं रेंग रहा है। आक्रोश व्यक्त करने वालों में गांव के ही नंद गोपाल, सुमन गौड़, रानी, कुशाल गुप्ता, रितेश, सुनील विश्वकर्मा, उमेश सेन आदि ने बताया कि भीषण गर्मी में एक माह से ट्यूबवेल नहीं चलाया गया है। जिससे पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। ग्रामीणों ने कहा अगर पानी की समस्या को दूर नही किया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे।

ये भी पढ़ें -राजनाथ ने मोदी को राजग संसदीय दल का नेता चुने जाने का रखा प्रस्ताव, सहयोगियों ने किया अनुमोदन

संबंधित समाचार