गोंडा:  इनकमिंग फीडर में खराबी से 20 घंटे तक गुल रही दो उप केंद्रों की बिजली 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। धानेपुर बिजली उपकेंद्र का इनकमिंग फीडर शुक्रवार सुबह तीन बजे अचानक खराब हो गया। इस खराबी से धानेपुर व मेहनौन उपकेंद्र की बिजली गुल हो गयी। इस खराबी को दूर करने में बिजली कर्मी पूरे दिन हलकान रहे। दोपहर करीब 2 बजे फीडर की खराबी को दूर किया जा सका। इसके बाद धानेपुर फीडर की बिजली बहाल हुई। उपकेंद्र के देवरिया अलावल व बाबागंज की आपूर्ति देर शाम तक‌ बहाल की गयी। इस दौरान करीब दो लाख की आबादी भीषण गर्मी और उमस से परेशान रही।धानेपुर विद्युत उपकेंद्र की मशीनों में आए दिन होने वाली खराबी बिजली उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गयी है। आए दिन उपकेंद्र का इनकमिंग फीडर खराब हो जा रहा है। 

बृहस्पतिवार की सुबह आई आंधी से पूरे दिन इलाके की बिजली गुल रही थी। रात में किसी तरह आपूर्ति बहाल हुई तो शुक्रवार की सुबह इनकमिंग फीडर में खराबी आ गयी। इस खराबी के कारण बिजली आपूर्ति एक बार फिर से ठप हो गयी। सुबह बिजली कर्मियों ने मशीन को ठीक करने की कोशिश की लेकिन उन्हे सफलता नहीं मिली। इसके बाद पूरी मशीन को खोला गया तो भीतर की सीटी खराब पायी गयी। मुख्यालय से नई सीटी मंगाई गयी। तब जाकर मशीन की खामी को ठीक किया जा सका। इस पूरी कवायद में पूरा दिन बीत गया। दोपहर करीब चार बजे उपकेंद्र के नगर पंचायत फीडर की बिजली बहाल की गयी। अन्य दो फीडर देवरिया अलावल व बाबागंज की बिजली देर शाम तक बहाल हुई। मेहनौन उपकेंद्र को भी देर शाम आपूर्ति दी गयी। इ‌स दौरान करीब 20 घंटे तक लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे।

ये भी पढ़ें -छह दिवसीय प्रवास पर कल झूंसी आश्रम पहुंचेंगे पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद

संबंधित समाचार