SSO की लापरवाही से बिजली की चपेट में आया संविदाकर्मी, हवा के झोंके से बची जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। बिजली विभाग में कार्यरत एक एसएसओ की लापरवाही ने लाइन ठीक करने गए संविदा बिजली कर्मी का जीवन ही खतरे में डाल दिया। लाइन को बिना शटडाउन किए ही संविदा कर्मी को पोल पर चढ़ा दिया। पोल पर चढ़ते ही वह बिजली की चपेट में आ गया। हालांकि इसी बीच हवा के झोंके से बिजली लाइन में स्पार्किंग हो गयी और लाइन चालू होने का एहसास होते ही संविदा कर्मी जान बचाने के लिए पोल से कूद पड़ा। इस दौरान वह मामूली रूप से जख्मी भी हो गया। बिजली संविदा कर्मी ने इस घटना के लिए SSO को दोषी ठहराते हुए इसकी शिकायत उप खंड अधिकारी से की है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गयी है। 

कटरा बाजार ग्रामीण उपकेंद्र पर कार्य कर रहे बनगांव निवासी संविदाकर्मी देव प्रकाश तिवारी के मुताबिक वह वृाहस्पतिवार की रात 33 केवीए रामापुर फीडर के बनगांव के नयेपुरवा गांव में 11 केवीए विद्युत पोल पर लाइन ठीक करने गया था। पोल पर चढ़ने से पहले उसने ग्रामीण उपकेंद्र पर तैनात SSO रामगोपाल दूबे से शटडाउन मांगा। इस पर रामगोपाल ने कहा लाइन बंद है और ट्राली बाहर है। SSO पर भरोसा कर देव प्रकाश जैसे ही पोल पर चढ़ा तभी हवा के झोंके से बिजली का तार पेड़ की डाल से छू गया और उसमें स्पार्किंग होने लगी। लाइन स्पार्क होते देख देव प्रकाश घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए बिजली पोल से कूद पड़ा। इस दौरान उसे बिजली का हल्का झटका भी लगा और वह मामूली रूप से जख्मी हो गया। गनीमत रही कि वह तारों के संपर्क में नहीं वरना उसकी जान जा सकती थी। इसके बाद उसने फोन से SSO को घटना की सूचना दी। तब जाकर SSO ने लाइन को बंद किया।

संविदाकर्मी देव प्रकाश ने शुक्रवार को मामले की लिखित शिकायत उप खंड अधिकारी से की है। वहीं SSO रामगोपाल दूबे ने भी माना कि उससे गलती हुई है। फिलहाल अफसरों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार गौड़ ने बताया मामला संज्ञान में आया है। विभागीय जांच के आदेश दिए गए है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -बहराइच: 14 नाजमद और 25 अज्ञात पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज, जानिए क्या है मामला

संबंधित समाचार