लखनऊ : सड़क पर फर्राटा भर रही कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
अमृत विचार, लखनऊ। विभूतिखंड थानाक्षेत्र अंतर्गत फ्लाईओवर पर चलती कार में अचानक से आग लग गई। लपट व धुआं निकलता देख चालक ने कूद कर जान बचाई। चंद मिनट में आग धू-धूकर जलने लगी। हालांकि, राहगीरों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।
एफएसओ गोमतीनगर ने बताया कि शुक्रवार शाम लोहिया पार्क से लोहिया संस्थान जाने वाले फ्लाईओवर पर एक कार में अचानक से आग लग गई। सड़क पर कार को धू-धू जलता देख यातायात बाधित हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन दमकलविभाग को सूचित किया। तत्काल गोमतीनगर फायर स्टेशन से दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई।
फिलहाल, किन कारणों से चलती कार में आग लगी है। इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। दमकल विभाग की मानें तो पूर्व में भी कई वाहनों में आग लग चुकी है। इन सभी अग्निकांड की जांच की गई, जिसमें आग लगने का कारण वाहनों की वायरिंग में शार्ट सर्किट पाया गया हैं। कहाकि सभी ने कंपनी से आई फिटिंग के साथ छेड़छाड़ की है। इसके कारण ही गाड़ियों में आग लग रही है।
