लखीमपुर खीरी: तेंदुए के हमले से आठ साल की मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना ईसानगर क्षेत्र के गांव टांड़ पुरवा मजरा कैरातीपुरवा में शनिवार की देर शाम लघुशंका के लिए घर के बाहर निकली आठ साल की बालिका पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोरशराबा होने पर ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। तब तेंदुआ बालिका को छोड़कर खेतों की तरफ भाग निकला। मौके पर पहुंचे धौरहरा वन रेंज के कर्मचारियों ने तेंदुए की तलाश में कांबिंग शुरू कर दी है। 

घटना शनिवार की रात करीब नौ बजे हुई। थाना ईसानगर के गांव टांड़ पुरवा निवासी राम लखन की पुत्री सहेली (8) अपनी बड़ी बहन के साथ लघुशंका करने के लिए घर से बाहर निकली थी। जैसे ही वह दरवाजे पर पहुंची। वहां पहले से छिपे बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींच कर ले जाने लगा। बड़ी बहन के शोर मचाने पर परिवार के लोग और ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। इस पर तेंदुआ बालिका को छोड़कर खेतों की तरफ भाग निकला।

घटना के बाद समूचे क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई। सूचना पाकर पुलिस और प्रभागीय वनाधिकारी और धौरहरा वन रेंजर मौके पर पहुंच गए। प्रभागीय वनाधिकारी ने मृतक बच्ची के पिता को सांत्वना दी और अनुग्रह राशि प्रदान की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: बेकाबू कार ने राहगीरों को रौंदा, दो की मौत, पांच घायल

संबंधित समाचार