टोंस जलप्रपात में नहाने गये युवक की डूबने से मौत, पुलिस ने दो को बचाया
बारा/नैनी/प्रयागराज, अमृत विचार। टोंस जलप्रपात में नहाने गये तीन युवक डूबने लगें। उस दौरान एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। जबकि दो युवकों को किसी तरह से बचा लिया गया। घटना प्रयागराज जनपद के कौंधियारा थाना क्षेत्र में रविवार की है।
पाटीलेश्वर महादेव देवरा के बगल में स्थित टोंस नदी के जलप्रपात में नहाते समय अचानक दो युवक डूबने लगे। जिन्हें डूबता देखकर के वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरीके से एक युवक को नदी में डूबने से बचा लिया। वहीं दूसरा युवक तेज बहाव के कारण अधिक गहराई में चले जाने से टोंस नदी में डूब गया। स्थानीय लोगों के द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। डूबने से बचाए गए युवक आर्यन शुक्ला पुत्र अनिल शुक्ला के द्वारा बताया गया कि वह थाना क्षेत्र के ही रौहा गांव का रहने वाला है, वह अपने मित्र दीपक विश्वकर्मा पुत्र कृष्णा कांत विश्वकर्मा व करण भारतीय पुत्र हरिमोहन के साथ टोंस जलप्रपात में नहाने आया था। नहाते वक्त करन भारतीया नदी के तेज बहाव से गहराई में चला गया, जब वह उसे बचाने के लिए उसकी तरफ बढ़ा तो वह भी डूबने लगा। शोर मचाने पर कुछ लोगों के द्वारा उसे डूबने से बचा लिया गया।
ज्ञात हो कि गर्मी के दिनों में टोंस नदी के इस जलप्रपात पर प्रतिदिन दूर दराज से हजारों की संख्या में युवक इस जलप्रपात में पहुंचकर नहाते हुए देखे जाते हैं। लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम न होने से इससे पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं यहां पर घट चुकी है।
ये भी पढ़ें -श्रीराम को गंगा पार कराने वाले नाविकों को महाकुंभ के पहले मिलेगी नई पहचान
