Chitrakoot News: भाई की डांट से आहत होकर दो बहनों ने कुएं में कूदकर दी जान, परिजनों में मची चीख पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट, अमृत विचार। भाई की डांट-फटकार से दो बहनें इतनी आहत हो गईं कि घर से निकल गईं। परिजनों ने दोनों की खोजबीन की और न मिलने पर गुमशुदगी दर्ज कराई। बाद में दोनों के शव एक कुएं से बरामद किए गए। दो-दो बेटियों की मौत से घर में हाहाकार मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दिल दहलाने वाली यह घटना राजापुर थानांतर्गत नांदिन कुर्मियान गांव की है। गांव निवासी दीपक सिंह पुत्र ज्ञान सिंह ने बिलखते हुए बताया कि गांव में एक घर में रामायण का पाठ हो रहा था। वहां से शुक्रवार की भोर लगभग तीन बजे जब वह घर लौटा तो देखा कि दोनों बहनें सोमवती (23) व अनामिका उर्फ खुशबू (18) जाग रही थीं। उसने उन्हें देर तक जागने के लिए डांटा और सोने के लिए कहकर खुद भी सोने चला गया। सुबह जब नींद खुली तो पाया कि दोनों बहनें घर पर नहीं हैं। 

परिवार के लोगों ने खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला। नाते-रिश्तेदारों में भी पता किया पर मायूसी मिली। इसके बाद शनिवार की देर शाम राजापुर थाने में दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई। बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव के कुछ लोगों ने उनके पुराने घर के पास के कुयें में एक शव उतराते देखा तो उनको बताया। 

पुलिस को सूचना दी तो अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी निष्ठा उपाध्याय, क्राइम इंस्पेक्टर राजापुर विनोद कुमार,  प्रभारी निरीक्षक पहाड़ी श्यामप्रताप पटेल, सरधुआ आशुतोष तिवारी, क्राइम इंस्पेक्टर सरधुआ अंजनी कुमार सिंह आदि के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। 

फायर सर्विस के जवानों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद शव निकाला तो परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। शव सोमवती का था। करीब एक घंटे बाद गोताखोरों द्वारा कुएं में डाले गए कांटे में अनामिका का शव भी फंस गया। दोनों बहनों के शव कुएं से बाहर आए तो परिजन उनसे लिपटकर रो पड़े। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर एसपी ने बताया कि दोनों बहनों ने डांट से क्षुब्ध होकर यह आत्मघाती कदम उठाया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: शिक्षक भर्ती घोटाले में दो और गिरफ्तार, आरोपी पिता-पुत्र पर पैनल में शामिल शिक्षकों से रुपये लेने का है आरोप

संबंधित समाचार