बरेली: सौ फुटा रोड पर आतिशबाजी के नए थोक लाइसेंस देने पर रोक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राकेश शर्मा, बरेली। आबादी से घिर चुकी सौ फुटा रोड पर अब नये आतिशबाजी के थोक लाइसेंस जारी नहीं होंगे। इससे कारोबारियों को झटका लगा है। इस रोड पर पहले से 18 कारोबारी थोक लाइसेंस लेकर कारोबार कर रहे हैं। करीब 81 क्विंटल बारूद सिर्फ इसी रोड पर बेचा जा रहा है। इतनी बड़ी मात्रा …

राकेश शर्मा, बरेली। आबादी से घिर चुकी सौ फुटा रोड पर अब नये आतिशबाजी के थोक लाइसेंस जारी नहीं होंगे। इससे कारोबारियों को झटका लगा है। इस रोड पर पहले से 18 कारोबारी थोक लाइसेंस लेकर कारोबार कर रहे हैं। करीब 81 क्विंटल बारूद सिर्फ इसी रोड पर बेचा जा रहा है। इतनी बड़ी मात्रा में बारूद रखे होने से आसपास के लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं।

थोक दुकानें सौ फुटा रोड से अन्यंत्र स्थानांतरित करने को लेकर पूर्व में कई बार शिकायतें भी की गयी थीं। हर साल इस रोड पर आबादी बढ़ती जा रही है। जब लाइसेंस स्वीकृत किये गये थे, तब दुकानें दूर-दूर थीं। लेकिन वर्तमान में आतिशबाजी की थोक दुकानें मार्केट से सटी हुयी हैं। नये लाइसेंस जारी होने पर रोक लगाने के साथ पूर्व में जारी हुये कुछ लाइसेंस भी निरस्त करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। ये सभी थोक दुकानें आबादी से घिर चुकी हैं।

प्रशासन थोक दुकानों का सत्यापन करा रहा हैं। पुलिस और दमकल विभाग से थोक दुकानों के संबंध में रिपोर्ट मांगी गयी है। शस्त्र अनुभाग के बड़े बाबू बताते हैं कि पुलिस की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आते ही आबादी से घिरी दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिये जायेंगे। अन्य थोक दुकानों के संचालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये हैं। प्रशासन आतिशबाजी की थोक दुकानों का सत्यापन भी करा रहा है। जनपद में आतिशबाजी के 52 थोक लाइसेंस हैं।

इतने थोक लाइसेंस हैं सौ फुटा रोड पर
डेलापीर मिनी बाईपास पर सन्नी सिंह, हरमीत सिंह, नवीन कुमार, मुकेश कुमार, अमरीश कुमार, तेजेंद्र पाल, प्रतीक शर्मा, अलका, ज्ञान सिंह, गोविंद कुमार के आतिशबाजी के थोक लाइसेंस स्वीकृत हैं। वीरसावरकर नगर में अंकुश पावा, डेलापीर मिनी बाईपास पर गुरमीत सिंह, सौ फुटा रोड पर बीनू गंगवार, परविंदर सिंह, कंवलप्रीत सिंह, शालिनी सिंह, विशाल गंगवार, सुरजीत सिंह के थोक लाइसेंस स्वीकृत हैं। 450, 500 और 600 किलोग्राम बारुद रखने की क्षमता के लाइसेंस जारी हैं। अधिकांश के लाइसेंस का नवीनीकरण मार्च, 2021 है।

शहर व आसपास में इनको थोक लाइसेंस जारी हैं
मिनी बाईपास कर्मचारी नगर में कामरान, सखावत हुसैन और नन्हें बख्श भगवानपुर धीमरी, सतीश कुमार मठ कमलनैनपुर, हार्टमैन मिनी बाईपास पर ईशव दास, हार्टमैन कॉलेज बाईपास रोड पर रेशमा, पीलीभीत बाईपास रोड पर संदीप कुमार और पुष्पेंद्र नाथ गुप्ता, बीसलपुर रोड पर डोहरिया तिराहे पर इफ्तखार अली, रामपुर रोड बाईपास रोड पर पारस सूद के थोक लाइसेंस जारी हैं।

चार कस्बों से थोक लाइसेंस के आवेदन पहुंचे कलेक्ट्रेट
आतिशबाजी के थोक लाइसेंस लेने के लिए मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, नवाबगंज व फरीदपुर क्षेत्र से चार आवेदन कलेक्ट्रेट के शस्त्र अनुभाग पहुंचे हैं। शस्त्र अनुभाग ने संबंधित थाना व दमकल विभाग से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद ही लाइसेंस जारी किया जायेगा या नहीं, इस पर मुहर लगायी जायेगी। थोक के लाइसेंस जिलाधिकारी के हस्ताक्षर से जारी किया जाता है। फुटकर आतिशबाजी के लाइसेंस संबंधित एसडीएम के साथ नगर मजिस्ट्रेट और अपर नगर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में आवेदन मिलने पर जारी करते हैं। यह लाइसेंस हर साल जारी किये जाते हैं।

संबंधित समाचार