शहर विधानसभा क्षेत्र: बीजेपी के गढ़ में सपा की जबरदस्त सेंध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सपा बरेली में लोकसभा चुनाव भले ही हार गई लेकिन अपने प्रदर्शन से खुश है। वजह यह है कि पिछले चुनाव में जहां उसे काफी कम वोट मिले थे, वहां उसने इस बार भाजपा को पीछे छोड़ दिया है। शहर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री के रोड शो और गृमंत्री की जनसभा का भी भाजपा नेता फायदा नहीं उठा पाए। इन दोनों इलाकों में पिछले चुनाव की तुलना में भाजपा के वोट घटे और सपा के बढ़े हैं।

शहर विधानसभा क्षेत्र भाजपा का गढ़ माना जाता है। यहां राजेंद्रनगर, जनकपुरी, गांधीनगर, आवास विकास, सुशीला गिरीश इंटर कॉलेज जैसे तमाम बूथों पर सपा पहले कभी अपने पैर नहीं जमा पाई लेकिन इस बार उसने भाजपा के वोटों पर अच्छी-खासी सेंध लगाई है। 

बांके बिहारी मंदिर के पीछे कम्युनिटी सेंटर के नौ बूथों पर लोकसभा चुनाव 2019 में सपा को 274 और भाजपा को 3257 वोट मिले थे। इस बार यहां सपा को 550 और भाजपा को 3172 वोट मिले। सूरजभान पब्लिक स्कूल के 111 से 114 तक चार बूथों पर पिछली बार सपा को 217 भाजपा को 1336 वोट मिले थे। इस बार सपा को यहां 334 और भाजपा को 1434 वोट मिले हैं। भाजपा के वोटों में सेंध लगाकर यहां सपा ने 117 वोट ज्यादा पाए। हालांकि भाजपा को भी 98 वोट की बढ़त मिली है।

राजेंद्रनगर के सूरजभान कन्या इंटर कॉलेज के बूथ 131 से 140 तक 10 बूथों पर 2019 में सपा को 442 और भाजपा को 3688 वोट मिले थे। इस बार सपा को यहां करीब दोगुने 842 और भाजपा को 99 वोटों की कमी के साथ 3589 वोट मिले हैं। कुल मिलाकर इन 23 बूथों का नतीजा बता रहा है कि भाजपा के इस गढ़ में सपा की घुसपैठ हो गई है। लोकसभा चुनाव 2019 से तुलना की जाए तो इस क्षेत्र में सपा को कुल मिलाकर 793 वोट ज्यादा मिले हैं जबकि भाजपा को 86 वोट का नुकसान हुआ है।

हार्टमैन इलाका जहां गृहमंत्री ने जनसभा की थी, उसके वोट सुशीला गिरीश इंटर कॉलेज और हार्टमैन कॉलेज में पड़ते हैं। सुशीला गिरीश कॉलेज के 11 बूथों पर 2019 में सपा को 1263 और भाजपा को 3436 वोट मिले थे। इस बार सपा ने जबरदस्त पकड़ बनाते हुए 1869 वोट हासिल किए। भाजपा को 2592 वोट ही मिले। हार्टमन कॉलेज के आठ बूथों पर पिछली बार सपा ने 829 और भाजपा ने 2299 वोट पाए थे। 

इस बार सपा ने 1181 और भाजपा ने 2429 वोट पाए। इन सभी बूथों पर सपा को कुल मिलाकर 958 वोट की बढ़त मिली है जबकि भाजपा की बढ़त 286 वोट की ही रह गई। रिखी सिंह गर्ल्स कॉलेज जिसके आठ बूथों पर मॉडल टाउन और एकतानगर के वोट पड़ते हैं, वहां सपा को 2019 में 255 और भाजपा को 3965 वोट मिले थे। इस बार सपा ने 717 वोट पाए हैं और भाजपा ने 3733।

गुरुगोविंद इंटर कॉलेज मॉडल टाउन में सपा को पिछली बार 1501 और भाजपा को 1515 वोट मिले थे। इस बार यहां भी सपा को 1811 और भाजपा को 1610 वोट मिले है। सेंट फ्रांसिस स्कूल के 22 बूथों पर संजयनगर, ब्रहमपुरा और हजियापुर वार्ड के आंशिक वोट डाले जाते हैं। यहां स्टेडियम रोड की कॉलोनी के भी कुछ वोट हैं। पिछली बार यहां सपा को 2846 और भाजपा को 6396 वोट मिले थे। इस बार सपा को 3803 और भाजपा को 6771 वोट मिले हैं। सुरेश शर्मा स्मारक विद्यापीठ के सात बूथों पर पिछली बार सपा को 724 भाजपा को 2787 वोट मिले थे। इस बार सपा को 1138 और भाजपा को 2617 वोट मिले हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप, बीएसए ने किया निलंबित

 

 

संबंधित समाचार