Bareilly News: एडवांस सिग्नल प्रणाली से रेलवे देगा ट्रेनों को 130 किमी की रफ्तार
फिलहाल 110 किमी प्रतिघंटा है बरेली-लखनऊ रेल मार्ग पर रफ्तार
बरेली, अमृत विचार। मुरादाबाद-बरेली-लखनऊ रेल खंड पर आने वाले समय में ट्रेनें 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी। इसके लिए रेलवे एडवांस सिग्नल प्रणाली पर काम कर रहा है। फिलहाल, इस रेल खंड पर ट्रेनों की रफ्तार 100 से बढ़ाकर 110 किमी प्रतिघंटा कर दी गई है। रेल अफसरों के अनुसार ऑटोमेटिक सिग्नल प्रणाली इस रेल खंड पर अपग्रेड की जाएगी।
मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारियों के मुताबिक बीते दिनों मुरादाबाद-बरेली-लखनऊ रेल खंड रेल पथ विभाग की ओर से पटरियों की मरम्मत और ट्रैक उच्चीकरण का काम किया गया। आने वाले दिनों में इस रेल खंड पर सिग्नल प्रणाली को अपग्रेड करने की तैयारी है। फिलहाल, जो सिग्नल लगे हैं, उनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
एक से दूसरे स्टेशन के बीच सिग्नलों की संख्या बढ़ेगी, ताकि ट्रेन जब रफ्तार में चले तो लोको पायलट को दिखने वाला सिग्नल आगे आने वाले सिग्नल की जानकारी दे सके। इसके लिए डिस्टेंट और डबल डिस्टेंट सिग्नलों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। जबकि कई तरह के कार्य रेलवे ट्रैक पर किए जाने हैं, जिसमें कई ऐसे प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं, जिनको मरम्मत और अपग्रेड होने की आवश्यकता है। इनमें कई कार्य शुरू कर दिए गए हैं। अफसरों का दावा है कि यह कार्य पूरे होने के बाद ट्रेनों की रफ्तार इस रेलखंड पर 130 किमी प्रतिघंटा हो जाएगी।
वंदेभारत की औसत रफ्तार 66 किमी प्रतिघंटा
लगभग 325 किमी लंबे मुरादाबाद-बरेली-लखनऊ रेल खंड पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ा तो दी गई है लेकिन इसका बहुत फायदा होता नहीं दिख रहा। ट्रेनें अपनी पुरानी स्पीड के साथ ही दौड़ रही हैं। सेमी हाईस्पीड ट्रेन देहरादून-लखनऊ वंदेभारत एक्सप्रेस की औसत रफ्तार 66 किमी प्रतिघंटा है। जबकि इस ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 110 किमी प्रतिघंटा है।
नई समय सारिणी में हो सकता है बदलाव
जुलाई में रेल प्रशासन नई समय सारिणी जारी करेगा। जिसके बाद माना जा रहा है कि ट्रैक की रफ्तार बढ़ने से ट्रेनों के समय में भी बदलाव हो सकता है। बरेली से लखनऊ के बीच सफर की समय सीमा कम हो सकती है। बीते दिनों ट्रायल रन के दौरान वंदे भारत ने महज 2 घंटा 52 मिनट में लखनऊ तक का सफर तय किया था।
कम समय में लखनऊ पहुंचने वाली ट्रेनें
14206 अयोध्या एक्सप्रेस 3 तीन घटा 29 मिनट, 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस 3 घंटा 40 मिनट 14208 पद्मावत एक्सप्रेस 3 घंटा 43 मिनट, 12332 हिमगिरी एक्सप्रेस 3 घंटा 40 मिनट, 22546 वंदे भारत एक्सप्रेस 3 घंटा 35 मिनट और 20504 राजधानी एक्सप्रेस सबसे कम समय 3 घंटा 14 मिनट में लखनऊ तक का सफर तय करती है।
मुरादाबाद-बरेली-लखनऊ रेल मार्ग की रफ्तार बढ़ाकर 110 किमी प्रतिघंटा की गई है। अब सिग्नल प्रणाली को अपडेट कर रफ्तार को 130 किमी प्रतिघंटा किया जाएगा। इसके अलावा रेलवे ट्रैक का भी उच्चीकरण होगा।-आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद रेल मंडल
ये भी पढे़ं- बरेली: चिड़ियाघर का डीपीआर जल्द तैयार करें अफसर- वन मंत्री
