लखनऊ: दुबग्गा में कैटल कैचिंग दस्ते को लात-घूंसों, बैट और विकेट से पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बछड़ा पकड़ने के दौरान 20 से 25 लोगों ने किया हमला, ड्राइवर सहित सात कर्मचारियों को लगी चोट, वाहन क्षतिग्रस्त

लखनऊ, अमृत विचार। दुबग्गा रिंग रोड चौकी के पास बछड़ा पकड़ने के दौरान नगर निगम के कैटल कैचिंग दस्ते की टीम को 20 से 25 लोगों की भीड़ ने दौड़ा-दौड़ा कर लात घूंसों और बैट व विकेट से पीटा। जिसमें ड्राइवर राजू, कर्मचारी कृष्णा, रियाज, सौरभ यादव, महताब व अमरदीप को चोटें आयी हैं। लोगों ने मोबाइल और वाहन संख्या यूपी 32 टीएन 7343 को क्षतिग्रस्त कर दिया। लोग वाहन से 9 पशुओं को जबरन उतारकर अपने साथ ले गए।

पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि घटना शाम लगभग 6:30 बजे की है। कैटल कैचिंग दस्ते की टीम भूहर चौकी मेडलाइन अस्पताल के पास सड़क पर घूम रहे बछड़े को पकड़ने का प्रयास कर रही थी। उसी समय मंदिर के पास बैठे 20 से 25 लोग हाथों में बैट और विकेट लेकर कैटल कैचिंग वाहन के पास आ गए। गाली-गलौज करने लगे और लात-घूंसों के साथ बैट और विकेट से पीटने लगे। किसी तरह कर्मचारी वहां से जान बचाकर भागे और अपने कार्यालय में सूचना दी।

कर्मचारियों के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही राजस्व निरीक्षक परमेश्वर प्रजापति, मो. शहान, क्षेत्रीय कैटल कैचिंग प्रभारी अभिनव भारती को मौके पर भेजा गया। तब तक मारपीट करने वाले लोग जा चुके थे। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा और नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आनन्द वर्मा भी ठाकुरगंज थाना पहुंच गए। कार्यवाहक मेट रियाज और ड्राइवर राजू ने ठाकुरगंज थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पशु कल्याण अधिकारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज की जा रही है।

यह भी पढ़ेः लखनऊः शहर में लगे दो हजार से अधिक भंडारे, बड़ा मंगल पर हनुमान मंदिरों में भक्तों का लगा तांता

संबंधित समाचार