लखनऊ: कपड़े में 300 रुपये की नहीं दी छूट तो दुकान बंद होने पर की बमबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देर शाम दुकानदार से हुआ था विवाद, पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चिनहट की घटना, जल्द राजफाश करने वाली टीम को मिला पुरस्कार

लखनऊ, अमृत विचार। चिनहट में चार युवकों को कपड़े खरीदने के दौरान तीन सौ रूपये की छूट नहीं मिली। इससे युवकों का दुकानदार से विवाद हो गया। भड़के युवकों ने दुकान बंद होने के बाद देशी बम से हमला कर दहशत फैला दी। पड़ोसियों से दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी। हालांकि शिकायत मिलने के कुछ देर बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी पूर्वी प्रबल प्रताप सिंह के मुताबिक, पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान चिनहट निवासी सुमित मौर्या, आदित्य तिवारी, मोनू शुक्ला और बीबीडी निवासी गगन सिंह के रूप में हुई। बुद्ध विहार काॅलोनी निवासी मोनिस ने बताया था कि रात करीब 11 बजे वह घर पर थे। तभी पता चला कि मल्हौर रोड स्थित गारमेंट की दुकान पर कुछ लोगों ने देशी बम फेंक दिया है। वह आनन-फानन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग गए थे। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि हमलावर उसे व उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देकर भागे हैं। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटे में चारों को सीसीटीवी फुटेज की मदद पहचान कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में उन्होंने बताया कि मोनिस की दुकान पर कपड़े खरीदने के लिए गए थे। कपड़ों की कीमत एक हजार रुपये हुई थी, लेकिन वह लोग सात सौ रुपये दे रहे थे। मोनिस ने कपड़े देने से मना कर दिया। इस पर विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी निकल गए और देर रात साथियों के साथ पहुंचे और देशी बम से हमला कर भाग गये थे।

आरोपियों के पास से मिले 25 सुतली बम

इंस्पेक्टर अश्वनी चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपितों के पास से 25 सुतली बम बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति का नाम बताया है, जिससे खरीदते हैं। उसकी तलाश के लिए टीम को लगाया है। बताया कि लोगों को डराते हैं। वहीं चारों के अपराधिक इतिहास के बारे में पता लगाया जा रहा है।

गिरफ्तारी टीम को नकद पुरस्कार

डीसीपी ने बताया घटना की जानकारी मिलते ही चिनहट पुलिस के साथ-साथ क्राइम टीम भी लगी थी। दोनों टीम ने आरोपियों को सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से गिरफ्तार कर लिया। जल्द घटना का खुलासा करने वाली टीम को नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: तिहरे हत्याकांड के आरोपी लल्लन की 33 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

संबंधित समाचार