बहराइच: बालू लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में मारी ठोकर, अधिवक्ता घायल
बहराइच, अमृत विचार। प्रशासन के प्रयास के बाद भी बालू खनन रुक नहीं रहा है। बुधवार को शहर में बालू खनन कर जा रहे बालू लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार अधिवक्ता को ठोकर मार दी। हादसे में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पैर टूट गया।
कोतवाली देहात के दीन दयाल उपाध्याय वार्ड निवासी अनिमेष श्रीवास्तव (45) दीवानी न्यायालय में अधिवक्ता हैं। बुधवार सुबह नौ बजे वह बाइक से कोर्ट के लिए रवाना हुए। घर से दीन दयाल विद्यालय के पास पहुंचे। तभी बालू लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। जिससे अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इमरजेंसी के डॉक्टर रामेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पैर में गंभीर चोट है। एक पैर टूट गया है। घायल अधिवक्ता के पिता ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन का वाहन सुबह और रात में निकल रहा है। जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें -लखनऊ में बच्ची को बचाने गोमती में कूदा युवक लापता, चल रहा रेस्क्यू
