काशीपुर: फर्जी ईमेल भेजकर सिद्धार्थ पेपर मिल से हुई सात लाख की ठगी
काशीपुर, अमृत विचार। एक पेपर मिल को फर्जी ई मेल भेजकर सात लाख रुपए की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में कंपनी के एचआर ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में मुरादाबाद रोड स्थित सिद्धार्थ पेपर मिल के जीएम(एचआर) मानपुर रोड निवासी संजय कुमार ने कहा है कि उनकी कंपनी ने एटीएस टेक्नो को ग्राईण्डिग और पॉलिशिंग का कार्य कराने का वर्क आर्डर 03 मई 2024 को अपनी कंपनी के रजिस्टर्ड ईमेल आईडी से दिया था। इस काम के भुगतान के लिए उनकी कंपनी को एक ई मेल मिला।
जिसमें पीएनबी और एसबीआई के एक एक खाते का नंबर दिया गया। इन दोनों खातों में उनकी कंपनी ने कुल सात लाख रुपए की रकम जमा कर दी। बाद में एटीएस टेक्नो प्राईवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि आकाश ओझा ने अपने व्हाट्सएप नंबर से सिद्धार्थ पेपर मिल से भुगतान के लिए सम्पर्क किया। छानबीन करने पर पता लगा कि पेपर मिल को फर्जी ई मेल भेजकर सात लाख रुपए की ठगी की गई है। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
