बरेली: 656 क्विंटल गेहूं का किया घोटाला, कई पर हो सकती है कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुधवार को एडीसीओ ने किया गेहूं खरीद केंद्र का निरीक्षण

बरेली, अमृत विचार। यूपीएसएस के खरीद केंद्र नौगवां भगवंतापुर भदपुरा में एडीसीओ को निरीक्षण के दौरान स्टाॅक में 656.45 क्विंटल गेहूं कम मिला। एडीसीओ ने अपनी रिपोर्ट एआर कोऑपरेटिव को सौंपी तो उन्होंने यूपीएसएस के जिला प्रबंधक ओमेंद्र कुमार को नोटिस जारी कर दिया है। इसके साथ ही मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा है।

दरअसल साधन सहकारी समिति नौगवां भगवंतापुर भदपुरा में यूपीएसएस को क्रय केंद्र दिया गया था। वहां 1,528.25 क्विंटल गेहूं की खरीद की हुई। उसमें से मंगलवार तक 1,029 क्विंटल गेहूं ई-क्रय प्रणाली पर बकाया दिखा रहा था। बताया गया कि 250 क्विंटल गेहूं एफसीआई पहुंचा दिया गया। एआर कोऑपरेटिव ने पूरे मामले की जांच कराई और यूपीएसएस के जिला प्रबंधक को स्टाॅक का निरीक्षण कर रिपोर्ट शाम तक देने को कहा, मगर उन्होंने बुधवार को रिपोर्ट सौंपी। 

इसके अलावा अपर जिला सहकारी अधिकारी (एडीसीओ) नवाबगंज सुधाकर राय से भी बुधवार को गेहूं क्रय केंद्र के स्टाॅक का सत्यापन कराया गया। निरीक्षण करने के लिए गए एडीसीओ को गोदाम में 122.25 क्विंटल मिला, जबकि 779 क्विंटल गेहूं होना चाहिए था। इसके बाद एआर कोऑपरेटिव ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में क्रय केंद्र प्रभारी समेत ठेकेदार व यूपीएसएस के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है। एआर कोऑपरेटिव बृजेश कुमार सिंह के अनुसार स्टॉक में गेहूं कम मिला है। लापरवाही की जांच कराकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: कार्यालय में आरएम को जिंदा जलाने की थी योजना, निरीक्षण के लिए निकले थे 30 मिनट पहले

संबंधित समाचार