लखीमपुर खीरी: युवक की बरामदगी न होने पर भड़के परिजन, सड़क की जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पांच दिन पहले ससुराल गया था युवक, तब से वापस नहीं लौटा 

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना फरधान क्षेत्र में हफ्ते भर से गायब युवक का कोई पता न चलने से गुरुवार को उसके परिजन भड़क गए और लखीमपुर-बेहजम मार्ग पर लीलाकुआं के पास सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इससे मार्ग पर दोनों तरफ कई किलोमीटर तक  वाहनों से लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे सीओ मितौली ने परिवार वालों को काफी समझाया बुझाया और जाम खुलवाने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया।
 
फरधान थाना क्षेत्र के कोढैया निवासी रिंकू पुत्र ओमप्रकाश की ससुराल कोतवाली सदर के गांव अटनैहा में है। वह पांच दिन पहले अपनी ससुराल गया था, लेकिन इसके बाद से वापस घर नहीं पहुंचा। परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने कोतवाली सदरह में रिंकू के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उसकी तलाश के लिए एक कदम भी आगे नहीं बढ़ाया। परिवारीजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे।

बुधवार को कैमा खादर गांव के पास बड़ी नहर शारदा सहायक बैराज के निकट उसकी चप्पल और कपडे़ बरामद हुए थे। इससे परिवार वालों की चिंता बढ़ गई और चीख पुकार मच गई। परिवार वालों ने अनहोनी की चिंता जताई है। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते परिवार के लोग तमाम ग्रामीणों के साथ लीला कुंआ चौराहा पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दी। लगभग एक घंटे तक रोड पर जाम लगा रहा। सूचना पाकर सीओ मितौली शमशेर बहादुर सिंह और थानाध्यक्ष कौशल किशोर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए।

सीओ ने परिवार वालों को समझाया और गायब रिंकू के माता-पिता को अपनी गाड़ी में बैठाकर लखीमपुर चले गए। इधर जब भीड़ नहीं हटी तो पुलिस ने सख्ती दिखाई और सड़क पर लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया। तब जाकर मार्ग से जाम खुल सका। परिवार वालों का कहना है कि ससुराल वाले भी रिंकू के बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं, जिस की गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस पता नहीं लगा रही है। थानाध्यक्ष कौशल किशोर ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट सदर कोतवाली में दर्ज है।

ये भी पढ़ें। लखीमपुर-खीरी: सोने की ईंट के नाम पर ठगी, तीन लोगों को हिरासत में लिया...जानिए पूरा मामला 

संबंधित समाचार