Kanpur Weather Today: अभी तो बरस रही आग, पुरवाई पर टिकी बरसात...हीट स्ट्रोक से पांच की मौत की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

20 जून तक इसी तरह झुलसाएगी गर्मी, 22 से राहत मिलने की संभावना

कानपुर, अमृत विचार। रेगिस्तान से आने वाली तेज गर्म हवाओं की वजह से तापमान लगातार सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी एक हफ्ते भीषण गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। 22 जून से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। मानसून बंगाल की खाड़ी में कम दबाव की स्थिति के कारण बीच में ही रुका हुआ है।

मानसून की रेखा बिहार के सीमावर्ती इलाकों तक ही सीमित है। इसके तभी सक्रिय होकर आगे बढ़ने की उम्मीद है, जब पुरवाई हवा चलेगी। 20 जून के बाद ही मानसून के पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक देने की संभावना है। इसी से अनुमान है कि 21 और 22 जून के आसपास पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।

शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चिकित्सकों ने हीट वेव की स्थिति देखते हुए बुजुर्गों, मरीजों व बच्चों को धूप से बचने की सलाह दी है।

सीएसए कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि अभी दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। बीच-बीच में तेज हवाओं की वजह से आंधी आने जैसे हालात बन सकते हैं। लेकिन इसका तापमान में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

हीट स्ट्रोक से पांच की मौत की आशंका 

गुरुवार को अलग-अलग थानाक्षेत्रों में दो स्थानों पर ज्ञात और तीन स्थानों पर अज्ञात शव पड़े मिले। पुलिस हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका जता रही है। चकेरी थानाक्षेत्र के शिवकटरा निवासी 28 वर्षीय अजय की लू लगने से मौत हो गई। वह घर के पास पड़ा मिला। नौबस्ता थानाक्षेत्र में कृष्णापुरम इलाके में 45 वर्षीय अनिल सिंह चंदेल की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार भाई धीरज ने बताया कि घर के पास उसका शव पड़ा मिला था। वहीं हरबंश मोहाल थानाक्षेत्र में 75 वर्षीय पुरुष, चकेरी और जाजमऊ में 45 वर्षीय पुरुष का शव मिला। 

ये भी पढ़ें- SP MLA Irfan Solanki: सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मिला इरफान सोलंकी का परिवार...बोले- गलत फंसाकर सजा दी गई

संबंधित समाचार