लखीमपुर-खीरी: चाचा पर युवती की हत्या का आरोप, कार्रवाई न होने से भड़के लोग...सड़क की जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना व कस्बा फूलबेहड़ में एक युवती की संदिग्ध हालात में गुरुवार की रात उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के परिवार वालों ने युवती के चाचा समेत छह लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। 

गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर समुचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को थाने के सामने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रदर्शन कर नारेबाजी करने लगे। सूचना पर पहुंचे सीओ ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब परिजन और ग्रामीण माने। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

कस्बा फूलबेहड़ निवासी गुड्डू रस्तोगी ने बताया कि वर्ष 2022 में उसके छोटे भाई राजेश ने उसके साथ जमकर मारपीट की थी। सिर पर धारदार हथियार से प्रहार किया था। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्होंने आरोपी भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसका वाद न्यायालय में चल रहा है। आरोपी राजेश लगातार उस पर समझौता करने का दबाव बना रहा है। इसको लेकर शराब पीने के बाद गाली-गलौज करता है। 

बुधवार की रात दस बजे राजेश अपने साथी गांव नरहर निवासी कमाल के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इस पर वह ग्राम प्रधान के घर परिवार समेत आरोपियों की शिकायत करने चले गए। पुत्री गौरी (18) घर पर थी। आरोप है कि राजेश अपने साथी कमाल और परिवार के साथ उसके घर घुस आया और उसकी पुत्री को पीटकर अधमरा कर दिया और मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी भाग निकले। इसी बीच वह अपनी पत्नी के साथ घर आ गए तो देखा कि कमरे में गौरी मरणासन्न हालत में पड़ी थी। 

परिजन उसे आनन-फानन में लेकर जिला अस्पताल ओयल पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे वापस जिला अस्पताल लाए,स जहां करीब डेढ़ घंटे इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। इस पर परिजन शव घर ले आए और थाने जाकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने अपने मनमाफिक तहरीर लिखने का दबाव बनाया। इस पर परिजन आक्रोशित हो गए। 

कार्रवाई होते न देख परिवार वालों ने ग्रामीणों के सहयोग से फूलबेहड़ थाने के सामने बांस बल्ली लगाकर  लखीमपुर-मिलपुरवा मार्ग  जाम कर दिया और प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग जाम रहा। जिसके बाद शारदा नगर, खमरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे सीओ धौरहरा भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। 

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर परिवार के लोग माने और जाम खोला। मृतक युवती के पिता ने आरोपी चाचा राजेश , उसकी पत्नी , बेटी, बेटा अंकित और सहयोगी नरी गांव निवासी कमाल सहित छह लोगों के खिलाफ सीओ को तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। 

ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, मौत

 

संबंधित समाचार