रामपुर: पिकअप से टकराता हुआ नदी में गिरा डंपर, चालक समेत तीन घायल
शाहबाद, अमृत विचार। शुक्रवार सुबह शाहबाद-रामपुर मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। सामने से आ रही पिकअप को बचाने के फेर में रेलिंग तोड़ता डंपर रामगंगा नदी में जा गिरा। हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई। रामपुर मीटिंग में शामिल होने जा रहे अधिकारियों ने राहगीरों की सहायता से डंपर के साथ गिरे चालक को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया।
पंजाब प्रांत के पटियाला जनपद अंतर्गत थाना दुलका के गांव देवीनगर निवासी हरप्रीत खाली डंपर लेकर रामपुर की ओर से आ रहा था। इधर, जनपद बरेली के थाना शाही के गांव वसाई निवासी राधेश्याम और इरशाद पिकअप लेकर रामपुर की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि रामगंगा पुल पर पिकअप ओवरटेक करते हुए अचानक डंपर के सामने आ गई। पिकअप को बचाने के फेर में हरप्रीत का डंपर बेकाबू हो गया।
पिकअप को साइड मारकर पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ डंपर नदी में जा गिरा। हरप्रीत भी डंपर के अंदर था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं,दोनों पिकअप सवार भी जख्मी हो गए। इस दौरान एसडीएम सुनील कुमार प्रथम और तहसीलदार शिव कुमार शर्मा रामपुर मीटिंग में शामिल होने जा रहे थे। हादसा देख वह मौके पर रुक गए। उन्होंने लोगों की मदद से नदी में गिरे डंपर के अंदर के फंसे हरप्रीत को बाहर निकलवाया और सीएचसी भिजवाया। सीएचसी से हरप्रीत और राधेश्याम को रामपुर रेफर कर दिया गया।
आधा घंटा लगा रहा रोड पर जाम
रामगंगा सेतु पर डंपर समेत चालक के नदी में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लिहाजा, करीब आधा घंटा शाहबाद-रामपुर मार्ग बाधित हो गया। डंपर की साइड लगने से पिकअप बीच सड़क पर आ गई। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप को बीच रास्ते से हटवाकर जाम खुलवाया। इसके बाद आवागमन शुरू हो सका।
ये भी पढे़ं- रामपुर: तेंदुए को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
