रामपुर: तेंदुए को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
तेंदुए के पोस्टमार्टम के बाद चिकित्सकों के साथ डीएफओ एवं अन्य
स्वार, अमृत विचार। जंगल में भटक रहे तेंदुए को अज्ञात वाहन ने पानीपत खटीमा मार्ग पर टक्कर मार दी। जिससे तेंदुए की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे वनकर्मी तेंदुए को पीपली वन ले गए। चिकित्सकों ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद वनकर्मियों ने तेंदुए का वन में अंतिम संस्कार कर दिया।
उत्तराखंड से भटककर तेंदुआ मसवासी क्षेत्र में आ गया था। लगभग एक सप्ताह से क्षेत्र में देखा जा रहा था जिससे लोगों मे भय व्याप्त था। वन विभाग से लगातार तेंदुए को पकड़े जाने की मांग की जा रही थी। भय के कारण ग्रामीण अपने-अपने घरों में कैद होकर रह गए थे। जिस पर वन विभाग ने जंगल में कांबिंग की थी लेकिन तेंदुआ हाथ नहीं लग सका था।
शुक्रवार तड़के पानीपत खटीमा मार्ग स्थित तहसील क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर के निकट तेजगति से आ रहे अज्ञात वाहन ने सड़क पर कर रहें तेंदुए को टक्कर मार दी। जिससे तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों सड़क पर तेंदुए के शव को देखा और सूचना वन रेंजर मुजाहिद हुसैन व पुलिस को दी।
जिस पर वन दरोगा शील कुमार वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
मृत तेंदुए को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ लग गई। जिस पर पुलिस पहुंच गई और भीड़ को हटाया। वनकर्मी तेंदुए को पीपली वन ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कर वन विभाग को सौंप दिया। वनकर्मियों ने तेंदुए अंतिम संस्कार कर दिया। वन रेंजर मुजाहिद हुसैन ने बताया कि मांदा तेंदुए का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
ये भी पढे़ं- रामपुर : मसवासी के ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत बरकरार, वन विभाग की टीम को मिले पदचिन्ह
